मुंबई में बारिश बनी काल! मानखुर्द में चॉल का हिस्सा ढहा, 6 की मौत, कई लोग मलबे में फंसे

Mankhurd Building Collapse: मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच रविवार रात बड़ा हादसा हो गया। मानखुर्द इलाके के जनता नगर में एक तीन मंजिला (G+3) चॉल का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। आशंका है कि मलबे के नीचे अभी भी कई लोग फंसे हो सकते हैं। मौके पर एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, पुलिस और बीएमसी की टीमें युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 8:30 बजे मानखुर्द (Mankhurd) स्थित हनुमान मंदिर के पीछे जनता नगर इलाके में चॉल नंबर-5 के दो से तीन घरों का हिस्सा अचानक ढह गया। तेज धमाके के साथ इमारत का हिस्सा गिरते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद राहत दल मौके पर पहुंच गए।

मलबे में और लोगों के फंसे होने की आशंका

घटना के बाद NDRF, फायर ब्रिगेड, पुलिस, बीएमसी कर्मियों और 108 एम्बुलेंस सेवा की टीमों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारी लगातार मलबा हटाकर फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने तक मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है।

शताब्दी अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, हादसे में गंभीर रूप से घायल लोगों को अस्पताल लाया गया, जहां छह लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं। एक अन्य घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

भारी बारिश के बीच लगातार हो रहे हादसे

मुंबई और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है। इसी दौरान पेड़ गिरने, दीवार ढहने और जलभराव जैसी घटनाओं में भी कई लोगों की जान गई है।

इसी दिन मुंबई में एक 11 वर्षीय छात्र की पेड़ गिरने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति खुले मैनहोल में गिरकर जान गंवा बैठा। पेड़ गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में दो और लोगों की मौत की भी पुष्टि हुई है। लगातार हो रही बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और जर्जर इमारतों से दूर रहने की अपील की है।

Also Read: मूसलाधार बारिश से बेहाल हुई मायानगरी, आईएमडी ने मुंबई-ठाणे के लिए जारी किया रेड अलर्ट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.