SGPGI डॉक्टरों की बड़ी सफलता, 30 वर्षीय महिला के गर्भाशय से 5 किलो की निकाली गई गांठ
SGPGI Lucknow: लखनऊ स्थित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के डॉक्टरों ने एक बेहद जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। टीम ने 30 वर्षीय महिला के गर्भाशय से लगभग 5 किलोग्राम वजन की विशाल फाइब्रॉइड (गर्भाशय की गांठ) और अंडाशय से 7 सेंटीमीटर की सिस्ट को सुरक्षित रूप से निकाल दिया।
जांच में सामने आई बड़ी समस्या
मरीज पेट में लगातार सूजन और गांठ की शिकायत के साथ SGPGI की गायनेकोलॉजी ओपीडी में पहुंची थीं। जांच और इमेजिंग के बाद डॉक्टरों ने पाया कि उनके गर्भाशय में 25×17 सेंटीमीटर की बड़ी फाइब्रॉइड मौजूद है। साथ ही अंडाशय में 7 सेंटीमीटर की सिस्ट भी पाई गई। गांठ का आकार और स्थिति इतनी जटिल थी कि सर्जरी को चुनौतीपूर्ण माना गया।
जटिल ऑपरेशन को टीम ने किया सफल
डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम ने आधुनिक तकनीक और सूक्ष्म योजना के साथ यह ऑपरेशन किया। सर्जरी के दौरान 5 किलोग्राम की फाइब्रॉइड और सिस्ट को सफलतापूर्वक हटाया गया, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि महिला का गर्भाशय, दोनों फैलोपियन ट्यूब और दोनों अंडाशय पूरी तरह सुरक्षित रखे गए। इससे उनकी भविष्य की प्रजनन क्षमता बनी रही।
विशेषज्ञ टीम की अहम भूमिका
इस ऑपरेशन का नेतृत्व डॉ. अंजू रानी ने किया। टीम में डॉ. निधि, डॉ. मोनिका, डॉ. रितेश और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. आयुषी शामिल रहीं। नर्सिंग स्टाफ ज्योति, प्रगति, सोनाली और वंदना ने भी अहम योगदान दिया।
ऑपरेशन के बाद मरीज की हालत स्थिर है और वह तेजी से रिकवर कर रही हैं। डॉक्टरों के अनुसार समय पर इलाज और सटीक सर्जरी के कारण बड़ा खतरा टल गया और मरीज का भविष्य सुरक्षित हो सका।

