“राम के नाम पर पहले वोट, अब नोट”, चंद्रशेखर आजाद का BJP पर तीखा हमला

Chandrashekhar Azad: लखनऊ में सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने राम मंदिर चढ़ावे में कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने इसे सिर्फ चोरी नहीं बल्कि “आस्था की लूट और डकैती” बताया।

चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि भगवान राम की आस्था को राजनीतिक और आर्थिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले राम के नाम पर वोट लिया गया और अब आम लोगों की भावनाओं का फायदा उठाया जा रहा है।

SIT जांच पर सवाल, CBI जांच की मांग

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि बिना एफआईआर के एसआईटी गठित करना सही प्रक्रिया नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह जांच मामले को दबाने के लिए बनाई गई है।

उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में सीबीआई से कराई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके। उनका कहना था कि इस मामले में कई प्रभावशाली लोगों को बचाने की कोशिश हो रही है।

राजनीति, 2027 चुनाव और संगठन विस्तार पर बयान

प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी किंगमेकर की भूमिका निभाएगी और 350 सीटों पर तैयारी चल रही है।

इसी दौरान बसपा सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. मसूद अहमद अपने समर्थकों के साथ आजाद समाज पार्टी में शामिल हुए, जिससे संगठन को मजबूती मिलने का दावा किया गया।

सामाजिक एकजुटता और दल-बदल पर टिप्पणी

चंद्रशेखर आजाद ने किसानों, मजदूरों, युवाओं और दलित-पिछड़े वर्गों से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामाजिक भाईचारा मजबूत होगा तो सत्ता परिवर्तन संभव है। उन्होंने राजनीतिक दलों में हो रहे लगातार टूट और दल-बदल पर भी चिंता जताई।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.