ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार XUV, मैहर में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत से मातम

Maihar Road Accident: मध्य प्रदेश के मैहर जिले में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) पर तेज रफ्तार एक्सयूवी (XUV) कार सामने चल रहे ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा है। मृतक सभी युवक कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी मनीष पटेल के परिवार से जुड़े बताए जा रहे हैं।

जन्मदिन समारोह से लौटते समय हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सभी युवक किसी रिश्तेदार के यहां जन्मदिन समारोह में शामिल होकर मैहर लौट रहे थे। देर रात देहात थाना क्षेत्र के रिगरा गांव के पास उनकी तेज रफ्तार कार सामने चल रहे ट्रक से टकरा गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी। इसी वजह से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और एक्सयूवी सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में बैठे छह लोग अंदर ही बुरी तरह फंस गए।

कई एजेंसियों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112, हाईवे पेट्रोलिंग, 108 एंबुलेंस और राष्ट्रीय राजमार्ग एंबुलेंस सेवा 1033 की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से लंबे समय तक रेस्क्यू अभियान चलाकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

हालांकि तब तक पांच युवकों की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल एक युवक को पहले अमरपाटन सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया।

एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

हादसे (Maihar Road Accident) में जान गंवाने वाले पांचों युवक एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में देर रात तक लोगों की भीड़ लगी रही और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था।

पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए मैहर सिविल अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

Also Read: मुंबई में बारिश बनी काल! मानखुर्द में चॉल का हिस्सा ढहा, 6 की मौत, कई लोग मलबे में फंसे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.