Kanpur News: शादी से इनकार पर बेकाबू हुआ रिटायर्ड IAS अधिकारी का बेटा, युवती को कार से घसीटकर पीटा

Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर के बिठूर इलाके में शनिवार को एक महिला पर जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि एक युवक ने पहले महिला को जबरन कार से बाहर खींचा और फिर ईंट से कई बार वार किया। गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब 24 घंटे बाद उसे होश आया। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

शादी के दबाव से शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान स्वरूप नगर निवासी 38 वर्षीय देवाशीष निगम के रूप में हुई है। वह सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी चंद्रा निगम का बेटा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि देवाशीष महिला को आईआईटी कानपुर परिसर के पास से कार में बैठाकर बिठूर के ब्रह्म घाट की ओर ले गया। रास्ते में उसने महिला पर शादी के लिए दबाव बनाया। महिला के इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

राहगीरों ने पकड़कर किया पुलिस के हवाले

एफआईआर के मुताबिक, रेलवे सर्विस लेन के पास मॉडल डेयरी के नजदीक आरोपी ने कार रोक दी। महिला ने खुद को बचाने के लिए कार का दरवाजा बंद करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने शीशा तोड़कर उसे बाहर खींच लिया और सिर व शरीर पर ईंट से कई वार किए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और आरोपी को पकड़कर पीटा, फिर पुलिस को सौंप दिया।

पुलिस कार्रवाई और जांच

पीड़िता की बहन का आरोप है कि देवाशीष लंबे समय से शादी का दबाव बना रहा था और पहले भी धमका चुका था। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) एस.एम. कासिम आबिदी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.