पाकिस्तान में आतंकी हमला, पुलिस चौकी पर अंधाधुंध फायरिंग, 9 जवानों की मौत

Pakistan Terror Attack: आतंकियों को पनाह देने वाले पाकिस्तान से एक बार फिर बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। बलूचिस्तान के जियारत जिले में सोमवार देर रात आतंकियों ने एक पुलिस चौकी पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी की, जिसमें दो एसएचओ समेत कुल 9 पुलिसकर्मी शहीद हो गए। इस हमले में पांच जवानों को अगवा किए जाने की भी सूचना है।

जियारत के पुलिस अधीक्षक अब्दुल कुदूस ने बताया कि मांगी फेज-तीन इलाके की पुलिस चौकी को निशाना बनाया गया। रात भर चली भीषण मुठभेड़ में भारी हथियारों का इस्तेमाल हुआ। शहीदों में मांगी थाने के एसएचओ मोहम्मद हुसैन, कोवास थाने के एसएचओ सोहबत खान और एंटी-टेररिस्ट फोर्स के इंचार्ज हेड कांस्टेबल सैफुल्लाह शामिल हैं।

संयुक्त ऑपरेशन में 15 आतंकी मारे गए

हमले के तुरंत बाद फ्रंटियर कॉर्प्स, बलूचिस्तान पुलिस, काउंटर टेररिज्म डिपार्टमेंट और एंटी-टेररिस्ट फोर्स ने संयुक्त अभियान शुरू किया। बलूचिस्तान सरकार के सूचना सलाहकार शाहिद रिंद ने बताया कि ऑपरेशन में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान से जुड़े 15 आतंकवादी मारे गए हैं। वहीं, अगवा किए गए पांच पुलिसकर्मियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।

प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने जताया दुख

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि बलूचिस्तान की शांति को नुकसान पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। गृहमंत्री मोहसिन नकवी ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी और आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

हमले के बाद इलाके में तनाव है। गुस्साए लोगों ने कई राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिए हैं। प्रशासन ने अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए हैं और हालात पर नजर रखी जा रही है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.