Bareilly News: बाबा साहब का बोर्ड तोड़ने के विरोध में भीम आर्मी ने किया प्रदर्शन, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
Bareilly News: जनपद के आंवला तहसील मुख्यालय पर मंगलवार दोपहर 1:00 बजे भीम आर्मी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। थाना भमोरा क्षेत्र के एक गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर का बोर्ड (होर्डिंग/नेमप्लेट) तोड़े जाने से नाराज कार्यकर्ताओं ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने हमलावरों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर तहसीलदार आंवला, बृजेश कुमार वर्मा को एक ज्ञापन सौंपा।
ख्योराजपुर गांव का है पूरा मामला
तहसीलदार को सौंपे गए ज्ञापन में भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने बताया कि थाना भमोरा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम ख्योराजपुर में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का बोर्ड पिछले कई वर्षों से शांतिपूर्ण तरीके से लगा हुआ था। आरोप है कि बीते दिनों समाज का माहौल खराब करने और आपसी सौहार्द बिगाड़ने के उद्देश्य से कुछ असामाजिक व संकीर्ण मानसिकता वाले तत्वों ने इस बोर्ड को तोड़कर फेंक दिया।
भीम आर्मी के नेताओं का कहना है कि इस निंदनीय घटना के संबंध में थाना भमोरा में नामजद तहरीर दी गई थी, लेकिन पुलिस ने अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस दंडात्मक कार्रवाई नहीं की है। पुलिस की इस ढिलाई के कारण दलित समाज के लोगों की भावनाएं गंभीर रूप से आहत हुई हैं।
भीम आर्मी की मांग: क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस घटना को अंजाम देने वाले शरारती तत्वों को जल्द से जल्द चिन्हित किया जाए और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। साथ ही बाबा साहब के बोर्ड को पूरे सम्मान के साथ दोबारा स्थापित किया जाए।
तहसील परिसर में हुए इस विशाल प्रदर्शन के दौरान भीम आर्मी के जिला प्रभारी शंकर बाल्मीकि, जिला सचिव आदेश आर्य, मदन लाल, विजेंद्र सिंह, भारत सिंह, प्रभाकर जाटव, अरविंद सागर, देवेंद्र सागर, हिमांशु गौतम, पप्पू सागर, बंटी भारती, रवि सागर और रिंकू सागर सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: PM मोदी के इंडोनेशिया दौरे पर बड़ा ऐलान, जावा में खुलेगा IIM, कई अहम समझौतों पर भी मुहर

