Siddharthnagar News: राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर कांग्रेस का प्रदर्शन, जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में निकाली सद्बुद्धि यात्रा
Siddharthnagar News: अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के मामलों ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी, सिद्धार्थनगर द्वारा एक विशाल सद्बुद्धि यात्रा का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष काज़ी सुहेल अहमद के नेतृत्व में निकाली गई यह यात्रा नौगढ़ तहसील परिसर से शुरू होकर स्थानीय हनुमान मंदिर तक पहुंची।
इस यात्रा में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भारी संख्या में भाग लिया। इस दौरान सभी ने श्रीराम मंदिर में कथित तौर पर हुए घोटालों की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराने की पुरजोर मांग उठाई। यात्रा का समापन हनुमान मंदिर परिसर में हुआ, जहां देश-प्रदेश में सत्य, न्याय, आपसी सद्भाव और धार्मिक संस्थाओं की पवित्रता बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई।

आस्था की पवित्रता और पारदर्शिता जरूरी
सद्बुद्धि यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष काज़ी सुहेल अहमद ने कहा कि भगवान श्रीराम देश के करोड़ों नागरिकों की अगाध आस्था के केंद्र हैं। ऐसे पावन मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चढ़ावे में वित्तीय हेराफेरी और अनियमितताओं की खबरें बेहद चिंताजनक हैं, जिससे देश-विदेश के भक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी किसी धर्म या व्यवस्था के विरुद्ध नहीं है, बल्कि वह आस्था की पवित्रता, पारदर्शिता और जवाबदेही की पक्षधर है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस पूरे प्रकरण की समयबद्ध और निष्पक्ष जांच कराई जाए ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके।

जांच के जरिए सामने आनी चाहिए सच्चाई
इस मौके पर डॉ. नादिर सलाम, कृष्ण बहादुर सिंह, जावेद मोकीम, अनिल सिंह अन्नू, सतीश चंद्र त्रिपाठी, सादिक अहमद और राजन श्रीवास्तव जैसे वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने विचार रखे। नेताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि धार्मिक स्थलों की गरिमा और श्रद्धालुओं के भरोसे की रक्षा करना हर नागरिक और सरकार का परम दायित्व है। यदि पवित्र मंदिर के कोष में किसी भी तरह की गड़बड़ी हुई है, तो उसकी उच्च स्तरीय जांच कराकर दूध का दूध और पानी का पानी होना चाहिए।
इस सद्बुद्धि यात्रा में मुख्य रूप से अकील अहमद मुन्नू, पंकज चतुर्वेदी, गालिब बिसेन, दीपक यदुवंशी, गंगेश्वर राय, अश्विनी सिंह सोलंकी, रियाज़ मनिहार, सुदामा प्रसाद, आसिफ़ रिज़वी, मनोज श्रीवास्तव, विक्की रिज़वी, पवन पांडेय, पप्पू खान, हृषीकेश मिश्रा, परमहंस मिश्रा, कपिल देव यादव, जाकिर हुसैन, होरीलाल श्रीवास्तव, डॉ. प्रमोद कुमार, संतोष चौधरी, ओमप्रकाश दूबे, शौकत अली, श्याम किशोर पांडेय, सुरेश शुक्ला, अशोक गुप्ता, रुखमीना साहनी और अखलाक सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान

