पंकज त्रिपाठी की अगली फिल्म में दिखेंगे 250 कुत्ते, ‘ओह माय डॉग’ का टीजर रिलीज
Oh My Dog Movie: सामाजिक मुद्दों पर बनी चर्चित फिल्म ओह माय गॉड 2 के बाद निर्देशक अमित राय एक बार फिर बड़े पर्दे पर भावनाओं से भरी कहानी लेकर लौट रहे हैं। उनकी नई फिल्म ओह माय डॉग का ऑफिशियल टीजर आज रिलीज कर दिया गया है। खास बात यह है कि इस फिल्म में पंकज त्रिपाठी के साथ-साथ 250 से ज्यादा कुत्ते नजर आने वाले हैं, जो इसे बेहद खास बनाते हैं।
पुरानी यादों से शुरू होता है टीजर
टीजर की शुरुआत महानायक अमिताभ बच्चन के मशहूर गीत ‘मेरे पास आओ मेरे दोस्तों, एक किस्सा सुनो’ से होती है। यह गाना दर्शकों को तुरंत भावनात्मक माहौल में ले जाता है। टीजर देखकर साफ लगता है कि यह फिल्म दिल को छूने वाली कहानी पेश करेगी।
बच्चे और कुत्ते की प्यारी कहानी
फिल्म की कहानी एक छोटे बच्चे और एक कुत्ते के बीच बनने वाले गहरे रिश्ते पर आधारित है। इसमें बिना शर्त प्यार, भरोसा और सच्ची दोस्ती को बेहद सरल तरीके से दिखाया गया है। खास बात यह है कि यह फिल्म ऐसे समय आ रही है, जब देश में आवारा कुत्तों और एनिमल शेल्टर को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर बहस चल रही है।
दमदार स्टारकास्ट और खास संदेश
फिल्म में माही राय, गीता अग्रवाल शर्मा, राजेश कुमार, पवन मल्होत्रा, सुलक्षणा बरुआ और विजय मिश्रा जैसे कलाकार भी नजर आएंगे। इसके अलावा डॉग स्टार्स ऑस्कर और ब्रूनो फिल्म की जान हैं। अमित राय ने कहा कि कुत्ते हमें बिना स्वार्थ के प्यार करना सिखाते हैं। यह फिल्म पूरे परिवार के साथ देखने लायक है और हर जीव के प्रति दया का संदेश देती है।

