अयोध्या दान विवाद पर अखिलेश यादव का हमला, बोले- BJP ने दुनियाभर में कराई बदनामी
Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अयोध्या मंदिर में चढ़ावे, दान और चंदे से जुड़े कथित विवाद को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस मामले की चर्चा अब पूरी दुनिया में हो रही है और इससे सनातन समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।
‘सनातन समाज आक्रोशित, विदेशों में भी नाराजगी’
अखिलेश यादव ने कहा कि दुनिया के अलग-अलग देशों में रहने वाले सनातनी इस घटनाक्रम से शर्मिंदा हैं। उनका कहना है कि कई लोगों ने मंदिर में स्वयं दान दिया था या विदेश से चंदा भेजा था। ऐसे में इस तरह की खबरों से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके सहयोगियों के कारण धर्म के साथ-साथ देश की भी बदनामी हो रही है। सपा प्रमुख ने दावा किया कि इस पूरे प्रकरण से विश्वभर में सनातन समाज में आक्रोश का माहौल है।
भाजपा सरकार की विश्वसनीयता पर उठाए सवाल
सपा अध्यक्ष ने कहा कि इस विवाद का असर केवल धार्मिक स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि आर्थिक मोर्चे पर भी दिखाई दे सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि निवेशकों का भरोसा भी सरकार से उठ रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा, “जिस सरकार पर अपने भगवान के दानपात्र की सुरक्षा का भरोसा नहीं किया जा सकता, उस पर निवेशक अपने निवेश को लेकर कैसे भरोसा करेंगे?” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने अपनी धार्मिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और आर्थिक विश्वसनीयता पूरी तरह खो दी है।

