सिद्धार्थनगर में बिना अनुमति गैरहाजिर अफसरों का रुका वेतन, दिशा बैठक में सांसद के सख्त निर्देश
Siddharthnagar Disha Meeting: जिला ग्राम्य विकास अभिकरण की ओर से बुधवार को लोहिया कला भवन में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता सांसद जगदंबिका पाल ने की। इस दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विधायक जय प्रताप सिंह, श्यामधनी राही, विनय वर्मा, सैय्यदा खातून, विधान परिषद सदस्य ध्रुव कुमार त्रिपाठी, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और सम्मान से हुई।

अनुपस्थित अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश
सांसद जगदंबिका पाल ने पिछली दिशा बैठक की समीक्षा करते हुए बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग को नए मजरों और टोलों के विद्युतीकरण, जर्जर बिजली तार बदलने के साथ-साथ ट्रांसफार्मरों के भी उच्चीकरण का कार्य समय पर पूरा करने को कहा। साथ ही आरडीएसएस योजना के सभी कार्य तय समय सीमा में पूरे करने के निर्देश भी दिए।
सड़क और जल जीवन मिशन के कार्यों पर भी जोर
बैठक में सभी स्वीकृत सड़क और विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कराने, जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने और 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों के प्रस्ताव भेजने पर भी जोर दिया गया।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्माणाधीन परियोजनाओं को समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।
रिपोर्ट- ज़ाकीर खान

