CM योगी ने बांदा को दी 710 करोड़ की सौगात, बोले- बुंदेलखंड बनेगा धरती का स्वर्ग

Banda News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बांदा दौरे के दौरान जिले को 710 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 229 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बुंदेलखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसे “धरती का स्वर्ग” बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

विपक्ष पर बोला हमला, विकास के दावे किए

मुख्यमंत्री योगी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने विकास के बजाय बुंदेलखंड को डकैत दिए और युवाओं के हाथों में रोजगार की जगह तमंचा थमा दिया। उन्होंने कहा कि पहले विकास का पैसा कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवाल पर खर्च होता था, जबकि आज वही धन मंदिरों के सुंदरीकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं में लगाया जा रहा है।

योगी ने कहा कि करीब नौ साल पहले बुंदेलखंड पिछड़ेपन, पलायन, डकैतों और भू-माफियाओं के आतंक से जूझ रहा था। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और डबल इंजन सरकार के प्रयासों से अब यहां बेहतर कनेक्टिविटी, मजबूत कानून व्यवस्था और विकास कार्य दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश के 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

अपराधियों को दी सख्त चेतावनी

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार गुंडागर्दी और उपद्रव को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करती। उन्होंने कहा कि बेटी और व्यापारी की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि अपराधी कानून नहीं मानते, तो पुलिस और सरकार उन्हें “यमराज के पास भेजने का रास्ता खोल देती है।”

योगी ने यह भी कहा कि पहले बुंदेलखंड में सिंचाई और पेयजल की बड़ी समस्या थी, लेकिन अब इन क्षेत्रों में तेजी से काम हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों में भी अब बुंदेलखंड के युवाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.