‘भाचपा’ कहकर अखिलेश ने साधा BJP पर निशाना, 2027 चुनाव को लेकर दिया बड़ा बयान

Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय के लोहिया सभागार में नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। अखिलेश ने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह चरमरा गई हैं। सरकारी अस्पतालों में मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल रहा, दवाइयों और डॉक्टरों की कमी है, जिससे आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कानून व्यवस्था और राम मंदिर चढ़ावा मामले पर साधा निशाना

अखिलेश यादव ने मेरठ में पुलिस की कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में पुलिस का दुरुपयोग हो रहा है और निर्दोष लोगों के साथ अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं, दलितों, पिछड़ों, किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि सरकार इन समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं है।

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा मामले का उल्लेख करते हुए उन्होंने भाजपा पर कटाक्ष किया और कहा कि भगवान के नाम पर राजनीति करने वालों का असली चेहरा सामने आ गया है। उन्होंने तंज कसते हुए भाजपा का नाम बदलकर “भाचपा” (भारतीय चोर पार्टी) रखने की बात कही।

महिला आरक्षण और 2027 चुनाव पर कही बड़ी बात

सपा प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण की समर्थक है, लेकिन इसे जनगणना और परिसीमन से जोड़कर लागू करने में देरी करना उचित नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने और जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों को उजागर करने का आह्वान किया।

अखिलेश ने दावा किया कि 2027 का विधानसभा चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय को बचाने की लड़ाई होगा और उत्तर प्रदेश से बदलाव की शुरुआत होगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.