बीजेपी में एंट्री और तुरंत इनाम! पार्टी ने TMC के तीन पूर्व सांसद को थमाया राज्यसभा का टिकट
WB Rajya Sabha Election: पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हुए तीन पूर्व राज्यसभा सांसदों को पार्टी ने तुरंत बड़ा राजनीतिक संदेश देते हुए राज्यसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिया है। भाजपा ने सुष्मिता देव, सुखेंदु शेखर राय और प्रकाश बराइक को अपने प्रत्याशी बनाया है। इस फैसले को बंगाल की राजनीति में भाजपा की आक्रामक रणनीति और टीएमसी के लिए बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है।
तीनों नेताओं ने पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इसके कुछ ही समय बाद भाजपा ने उन्हें राज्यसभा उपचुनाव के लिए टिकट देकर साफ संकेत दिया कि पार्टी उनके राजनीतिक अनुभव का तुरंत इस्तेमाल करना चाहती है।
कुछ समय पहले तक ये तीनों नेता TMC से राज्यसभा सांसद थे। विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन के बाद उन्होंने राज्यसभा सदस्यता और टीएमसी, दोनों से इस्तीफा दे दिया था। अब भाजपा के टिकट पर उनकी संसद में वापसी की तैयारी शुरू हो गई है।
इस्तीफे के बाद बदला सियासी समीकरण
सुखेंदु शेखर राय ने 8 जून को राज्यसभा से इस्तीफा दिया था। इसके बाद 10 जून को सुष्मिता देव और 11 जून को प्रकाश बराइक ने भी अपना इस्तीफा सौंप दिया। इस्तीफे के बाद तीनों नेताओं की राजनीतिक गतिविधियां लगातार चर्चा में रहीं। प्रकाश बराइक ने सार्वजनिक रूप से भाजपा नेताओं की सराहना की, जबकि सुष्मिता देव की असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से मुलाकात भी सुर्खियों में रही।
सुखेंदु शेखर राय पिछले काफी समय से TMC नेतृत्व की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे थे। खासकर आरजी कर मेडिकल कॉलेज की घटना के बाद उन्होंने राज्य सरकार की खुलकर आलोचना की थी, जिसके बाद पार्टी से उनकी दूरी बढ़ती चली गई।
राज्यसभा उपचुनाव में भाजपा का मजबूत दावा
पश्चिम बंगाल विधानसभा के मौजूदा संख्या बल को देखते हुए भाजपा अपने तीनों उम्मीदवारों की जीत को लेकर काफी आश्वस्त दिखाई दे रही है। पार्टी इसे बंगाल में संगठनात्मक विस्तार और राजनीतिक मजबूती की दिशा में बड़ा कदम मान रही है। वहीं, विपक्षी खेमे में इस घटनाक्रम को TMC के लिए अहम राजनीतिक झटके के तौर पर देखा जा रहा है।
Also Read: ‘भाचपा’ कहकर अखिलेश ने साधा BJP पर निशाना, 2027 चुनाव को लेकर दिया बड़ा बयान

