ऑस्ट्रेलिया में भारतीय ट्रक ड्राइवरों से नस्लीय भेदभाव का आरोप, विवादित ऑडियो वायरल
Australia Indian Truck Drivers: ऑस्ट्रेलिया में भारतीय मूल के ट्रक ड्राइवरों के साथ नस्लीय भेदभाव का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक ऑडियो क्लिप में कुछ ऑस्ट्रेलियाई ट्रक ड्राइवरों की कथित तौर पर भारतीयों के खिलाफ नफरत भरी बातें सुनाई दे रही हैं। इस मामले के बाद प्रवासी ड्राइवरों की सुरक्षा को लेकर बहस शुरू हो गई है।
यह ऑडियो इंस्टाग्राम क्रिएटर एगी (@babysoftarms) ने शेयर किया है। बताया जा रहा है कि यह ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (ABC) की जांच का हिस्सा है। क्लिप में ट्रक ड्राइवर रेडियो पर बातचीत के दौरान बेहद आपत्तिजनक और हिंसक टिप्पणियां करते सुनाई दे रहे हैं।
ऑडियो में एक व्यक्ति कथित तौर पर कहता है, “भारतीयों को मार डालो… हम सभी भारतीय पुरुषों को मार डालेंगे, उनके बच्चों को पानी में डुबो देंगे और उनकी महिलाओं को गुलामी के लिए बेच देंगे।”
भारतीय ड्राइवरों ने बताया दर्द
ABC की रिपोर्ट के अनुसार, कई ड्राइवरों ने दावा किया कि ऑस्ट्रेलिया की सड़कों पर नस्लीय टिप्पणियां आम हो गई हैं। एक ड्राइवर ने कहा, “अगर आपका लहजा ऑस्ट्रेलियाई है तो सब ठीक है, लेकिन पंजाबी या भारतीय लहजे में बोलने पर रेडियो पर गालियां सुननी पड़ती हैं।” कई भारतीय ड्राइवरों ने परेशान होकर रेडियो कम्युनिकेशन का इस्तेमाल कम कर दिया है।
ट्रकिंग संगठनों ने जताई चिंता
एक अन्य घटना में भारतीय मूल के व्यक्ति ने बताया कि दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के पेट्रोल पंप पर पंजाबी में बात करने पर एक व्यक्ति ने उसे अंग्रेजी बोलने को कहा और बाद में ट्रक में बैठने से पहले उस पर थूक दिया।
ऑस्ट्रेलियन ट्रकिंग एसोसिएशन (ATA) और नेशनल हेवी व्हीकल रेगुलेटर (NHVR) ने ऐसी घटनाओं की निंदा की है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह का मानसिक दबाव ड्राइविंग सुरक्षा को भी प्रभावित कर सकता है।
यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑस्ट्रेलिया यात्रा के बाद न्यूजीलैंड पहुंचे हैं। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच परमाणु ऊर्जा, समुद्री सुरक्षा और महत्वपूर्ण खनिजों जैसे क्षेत्रों में समझौते हुए हैं।

