Unnao News: डंपर से टक्कर के बाद नीचे उतरे यात्री, ड्राइवर ने आगे बढ़ाई बस, 3 की मौत
Unnao News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। अयोध्या से कानपुर जा रही रोडवेज बस की डंपर से टक्कर हो गई। हादसे के बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया। कई यात्री अपनी जान बचाने के लिए बस से उतरकर सड़क किनारे खड़े हो गए, लेकिन तभी बस आगे बढ़ी और नीचे खड़े यात्रियों को कुचल दिया। इस हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि बस का कंडक्टर घायल हो गया।
पुरवा बाईपास मोड़ पर हुआ हादसा
यह घटना दही थाना क्षेत्र के पुरवा बाईपास मोड़ के पास शुक्रवार रात करीब ढाई बजे हुई। टक्कर के बाद यात्री बस से उतर गए थे। इसी दौरान चालक ने बस आगे बढ़ा दी, जिससे चार लोग उसकी चपेट में आ गए। इनमें तीन यात्रियों की मौके पर मौत हो गई और रोडवेज बस कंडक्टर इंद्रपाल सिंह घायल हो गए।
सूचना मिलते ही दही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल कंडक्टर को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अंतिम संस्कार में जा रहे यात्री की मौत
हादसे में मृतक रामनरेश अपनी पत्नी नीलम और बच्चे के साथ कानपुर जा रहे थे। उन्हें अपने ससुर के निधन की जानकारी मिली थी और वह अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया।
मृतकों की पहचान राजेंद्र (40), पुत्र स्वामी प्रसाद, निवासी मदनपुर थाना कप्तानगंज बस्ती और रामनरेश (40), पुत्र रामदास, निवासी तुलसी तारा थाना पूरा कलंदर अयोध्या के रूप में हुई है। तीसरे मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। घायल कंडक्टर इंद्रपाल सिंह (48), निवासी महुआ थाना जहानागंज आजमगढ़ हैं।
एएसपी उत्तरी अखिलेश सिंह ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है और कंडक्टर घायल है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि बस चालक ने किन परिस्थितियों में वाहन आगे बढ़ाया और हादसे के लिए जिम्मेदार कौन है।

