‘भारत और अफगानिस्तान का DNA एक…’, पाकिस्तान से तनाव के बीच अफगान मंत्री का बड़ा बयान

Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव के बीच अफगानिस्तान ने भारत के साथ अपने रिश्तों को और मजबूत करने के संकेत दिए हैं।

भारत दौरे पर आए अफगानिस्तान के कृषि, सिंचाई और पशुपालन मंत्री मौलवी अताउल्लाह ओमरी ने दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों की जमकर तारीफ की।

नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय (MEA) के सहयोग से आयोजित इंडिया-अफगानिस्तान ट्रेड अपॉर्च्युनिटीज इंडस्ट्री इंटरैक्टिव सेशन को संबोधित करते हुए ओमरी ने कहा कि भारत और अफगानिस्तान के संबंध सिर्फ कूटनीतिक नहीं, बल्कि सदियों पुराने सामाजिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत रिश्तों पर आधारित हैं।

उन्होंने कहा, “भारत और अफगानिस्तान का DNA एक है। भारत आकर मुझे ऐसा लगा जैसे मैं अपने ही देश और अपने ही लोगों के बीच हूं।”

भारत की मेहमाननवाजी से प्रभावित हुए अफगान मंत्री

अफगान मंत्री ने कहा कि यह उनका पहला भारत दौरा है और यहां उन्हें जिस तरह का सम्मान और अपनापन मिला, वह बेहद खास है।

उन्होंने कहा, “भारत पहुंचने के पहले दिन से ही सरकार, विदेश मंत्रालय और जिन लोगों से मुलाकात हुई, सभी ने गर्मजोशी से स्वागत किया। मुझे महसूस हुआ कि मैं अपने ही देश में हूं।”

ओमरी ने कहा कि भारत की मेहमाननवाजी अफगानिस्तान के लोगों के लिए बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर आई है।

कृषि और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर

अफगान मंत्री ने कहा कि उनके देश की करीब 80 प्रतिशत आबादी कृषि, सिंचाई और पशुपालन पर निर्भर है।

ऐसे में इन क्षेत्रों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना जरूरी है और भारत इसमें अहम साझेदार बन सकता है।

उन्होंने भारतीय उद्योग जगत से अफगानिस्तान में निवेश करने की अपील की। साथ ही कृषि तकनीक, खाद्य प्रसंस्करण, सिंचाई व्यवस्था और क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की बात कही।

ओमरी ने कहा कि अफगानिस्तान आर्थिक विकास के लिए दुनिया के अलग-अलग देशों के साथ सहयोग बढ़ाना चाहता है।

पाकिस्तान से तनाव के बीच अहम है भारत-अफगानिस्तान की नजदीकी

अफगान मंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा विवाद, सुरक्षा मुद्दों और राजनीतिक मतभेदों को लेकर तनाव बना हुआ है।

ऐसे में भारत के साथ अफगानिस्तान की बढ़ती नजदीकियों को क्षेत्रीय राजनीति के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

भारत-अफगानिस्तान के बीच सहयोग पर हुई चर्चा

इसी सप्ताह नई दिल्ली में भारत-अफगानिस्तान संयुक्त समिति (Joint Committee) की चौथी बैठक भी आयोजित हुई।

इसमें दोनों देशों ने आपसी सहयोग के कई अहम क्षेत्रों पर चर्चा की।

विदेश मंत्रालय के अनुसार, बैठक में मानवीय सहायता, विकास परियोजनाओं, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, खेल, व्यापार, क्षमता निर्माण और आर्थिक सहयोग को मजबूत करने पर सहमति बनी।

भारत लंबे समय से अफगानिस्तान में विकास परियोजनाओं और मानवीय सहायता के जरिए सहयोग करता रहा है।

अब दोनों देश व्यापार और आर्थिक साझेदारी को और आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं।

Also Read: ऑस्ट्रेलिया में भारतीय ट्रक ड्राइवरों से नस्लीय भेदभाव का आरोप, विवादित ऑडियो वायरल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.