Gorakhpur News: पिता के सामने युवती को कार से खींचकर पीटा, छेड़छाड़ और कपड़े फाड़ने की कोशिश

Gorakhpur News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक युवती के साथ मारपीट और छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। शाहपुर थाना क्षेत्र के रेलवे हॉस्पिटल के पास कार और बाइक की मामूली टक्कर के बाद कुछ युवकों ने कथित तौर पर युवती को कार से बाहर खींच लिया। आरोप है कि उसके साथ मारपीट की गई, गलत तरीके से छुआ गया और जान से मारने की धमकी दी गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।

पीड़िता ने लगाए गंभीर आरोप

पीड़िता के अनुसार, 9 जुलाई की शाम करीब 6:30 बजे वह अपने बीमार पिता को इलाज के लिए ग्रैंड विटारा कार से रेलवे हॉस्पिटल ले जा रही थी। इसी दौरान बाइक से टक्कर हो गई। आरोप है कि बाइक सवार ने अपनी गलती मानने के बजाय माफी मांगने का दबाव बनाया। विरोध करने पर उसने अपने साथियों को बुला लिया, जो काली स्कॉर्पियो से पहुंचे।

युवती का आरोप है कि आरोपियों ने उसके बाल पकड़कर सड़क पर पीटा, लात-घूंसों से हमला किया, कपड़े फाड़ने की कोशिश की, गलत तरीके से छुआ और दुष्कर्म की धमकी दी। आरोपियों ने कार में भी तोड़फोड़ की। इस दौरान कार में बैठे उसके बीमार पिता पूरी घटना देखते रहे।

वीडियो वायरल होने पर बढ़ीं धाराएं

घटना के बाद शाहपुर थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। शुरुआत में हल्की धाराएं लगाई गई थीं, लेकिन वीडियो वायरल होने और आरोपों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या के प्रयास, लज्जाभंग, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और मारपीट समेत कई गंभीर धाराएं जोड़ दीं।

एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि मुख्य आरोपी राज निषाद को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुई। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जांच की जिम्मेदारी उपनिरीक्षक दुर्गेश नंदिनी को सौंपी गई है।

Also Read : Unnao News: डंपर से टक्कर के बाद नीचे उतरे यात्री, ड्राइवर ने आगे बढ़ाई बस, 3 की मौत 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.