पटना के राजेंद्र नगर रेलवे कोचिंग कॉम्प्लेक्स में भीषण आग, 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया काबू
Sandesh Wahak Digital Desk: पटना के राजेंद्र नगर स्थित रेलवे कोचिंग कॉम्प्लेक्स में रविवार की सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। सुबह-सुबह अचानक लगी इस भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी इमारत के एक बड़े हिस्से को अपनी आगोश में ले लिया। हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की भयानकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आग बुझाने के लिए दमकल की 15 से अधिक गाड़ियों को तैनात करना पड़ा। फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब 6 घंटे तक लगातार जूझने के बाद आखिरकार आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। इस अग्निकांड में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक होने का अनुमान है।
चश्मदीदों के मुताबिक, तड़के सुबह परिसर से आसमान छूती लपटें और काले धुएं का गुबार उठता देख हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी प्रशासन को दी। इसके बाद स्थानीय पुलिस के साथ-साथ कई थानों की फोर्स और दमकल विभाग के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। आग की स्थिति को देखते हुए फायर ब्रिगेड के तीनों डिवीजनों से बैकअप के तौर पर अतिरिक्त गाड़ियां बुलाई गईं। दमकल कर्मियों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए आग को आस-पास की दूसरी इमारतों में फैलने से रोक दिया, जिससे एक बहुत बड़ा हादसा टल गया।
हादसे की खबर मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी फौरन मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने पूरे प्रभावित इलाके की घेराबंदी कर दी ताकि आम लोगों की आवाजाही को रोका जा सके और बचाव कार्य में कोई रुकावट न आए।
फायर ब्रिगेड अधिकारी गया सिंह ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 4 बजे इस घटना की सूचना मिली थी, जिसके तुरंत बाद 15 से ज्यादा फायर टेंडर मौके पर रवाना किए गए। सभी टीमों के आपसी तालमेल से आग पर काबू पा लिया गया है। शुरुआती जांच में हादसा शॉर्ट सर्किट की वजह से होना लग रहा है, हालांकि जांच के बाद ही असली वजह सामने आ पाएगी।
वहीं, राजेंद्र नगर जीआरपी प्रभारी दीप नारायण यादव ने जानकारी दी कि रेलवे यार्ड के पास स्थित पावर ग्रिड में शॉर्ट सर्किट होने से यह आग भड़की। इस घटना में रेलवे की केबल और एक ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुआ है। गौरतलब है कि हाल ही में जम्मू-कश्मीर के सोपोर (वाटरगाम) में भी एक पेट्रोल पंप के पास बने शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में ऐसी ही आगजनी की घटना सामने आई थी।

