नितिन गडकरी और इथेनॉल पर कंटेंट बनाना पड़ा भारी, मनीष कश्यप समेत 4 इन्फ्लुएंसर्स पर FIR
Sandesh Wahak Digital Desk: सोशल मीडिया पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, इथेनॉल और टोयोटा से जुड़ी कथित भ्रामक जानकारी साझा करने के मामले में नागपुर साइबर पुलिस ने चार सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और संबंधित पोस्ट व वीडियो की पड़ताल की जा रही है।
यह कार्रवाई बीजेपी सोशल मीडिया सेल, नागपुर शहर के अध्यक्ष शिशिर त्रिपाठी की शिकायत के बाद की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स से ऐसे वीडियो और पोस्ट साझा किए गए, जिनमें इथेनॉल और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से जुड़ी तथ्यहीन और भ्रामक जानकारी प्रसारित की गई।
एफआईआर में यूट्यूबर मनीष कश्यप के अलावा इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर्स देसी बॉयज (desi_boysncr), हर्षित राठी और अंकलेश इनवाते (akkaspeaks) के नाम शामिल हैं।
एफआईआर में क्या कहा गया?
शिकायत के मुताबिक, इन सोशल मीडिया अकाउंट्स से साझा किए गए वीडियो और पोस्ट में इथेनॉल को लेकर बिना प्रमाण के दावे किए गए। साथ ही केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के बारे में भी कथित तौर पर गलत और भ्रामक जानकारी प्रसारित करने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि ऐसी सामग्री से आम लोगों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है और सरकार की छवि प्रभावित होने की आशंका है।
एफआईआर में संबंधित यूट्यूब और इंस्टाग्राम अकाउंट्स के लिंक के साथ उन पोस्ट और वीडियो का भी उल्लेख किया गया है, जिन्हें आपत्तिजनक और भ्रामक बताया गया है।
इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला
नागपुर साइबर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 352, 356 और 296 के साथ-साथ आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान सोशल मीडिया पर साझा की गई सामग्री की सत्यता, उसके प्रभाव और शिकायत में लगाए गए आरोपों की विस्तार से पड़ताल की जाएगी।
Also Read: भोजशाला पर हाई कोर्ट के फैसले के बीच सुप्रीम कोर्ट ने मुस्लिम पक्ष को दी राहत

