सोनम वांगचुक के समर्थन में AAP का बड़ा ऐलान, 20 जुलाई को पूरे यूपी में होगा प्रदर्शन
AAP Protest: आम आदमी पार्टी (AAP) के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में बड़ा राजनीतिक ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि 20 जुलाई को उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में पार्टी प्रदर्शन और आंदोलन करेगी। उनका दावा है कि वांगचुक केवल लद्दाख के अधिकारों के लिए नहीं, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य की लड़ाई लड़ रहे हैं।
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
संजय सिंह ने कहा कि जंतर-मंतर पर पिछले 17 दिनों से आमरण अनशन कर रहे सोनम वांगचुक की तबीयत लगातार बिगड़ रही है, लेकिन केंद्र सरकार और मुख्यधारा का मीडिया संवेदनहीन बना हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक, नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ी और अग्निवीर योजना जैसे मुद्दों पर सरकार युवाओं की आवाज सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अस्पताल में भर्ती अनशनकारी बिटिया दानिश और अन्य अनशनकारियों के समर्थन में आगे आने की भी अपील की।
वांगचुक के योगदान का किया जिक्र
संजय सिंह ने कहा कि सोनम वांगचुक वही शिक्षाविद् हैं, जिनके जीवन से प्रेरित होकर फिल्म ‘3 इडियट्स’ बनाई गई। उन्होंने लद्दाख में शिक्षा के क्षेत्र में नया मॉडल विकसित किया और भारतीय सेना के लिए अत्यधिक ठंड में उपयोगी विशेष टेंट भी तैयार किए। उन्होंने दावा किया कि देश में 93 पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित किया है।
साथ ही प्रो. जी.डी. अग्रवाल के अनशन का जिक्र करते हुए सरकार पर संवेदनहीन होने का आरोप लगाया। संजय सिंह ने कहा कि वांगचुक के आंदोलन को कई विपक्षी दलों का भी समर्थन मिल रहा है।
Also Read : अखिलेश यादव की सोनम वांगचुक से अपील, खत्म करें अनशन, BJP पर साधा निशाना

