UP Police की बड़ी तैयारी, कांवड़ यात्रा पर Zero Incident का लक्ष्य, DGP ने दिए सख्त निर्देश
Zero Incident: उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय से प्रदेशभर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ ऑनलाइन अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में कांवड़ यात्रा, आगामी त्योहारों, कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा “Zero Incident और Zero Accident” के लक्ष्य के साथ संपन्न कराई जाए।

कांवड़ यात्रा पर विशेष फोकस
डीजीपी ने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, कांवड़ मार्गों, शिविरों और घाटों पर सुरक्षा, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही डीजे की ऊंचाई और ध्वनि न्यायालय व शासन के निर्देशों के अनुरूप रखने, ड्रोन, CCTV और सोशल मीडिया के जरिए लगातार निगरानी रखने तथा सीमावर्ती जिलों के बीच समन्वय बनाए रखने को कहा।
यक्ष ऐप और अपराधियों पर कार्रवाई
बैठक में यक्ष ऐप के जरिए सक्रिय अपराधियों का 100 प्रतिशत सत्यापन कराने और लापता मिले अपराधियों की तलाश के लिए एक सप्ताह का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। हत्या, डकैती, लूट और चेन स्नैचिंग जैसे गंभीर मामलों का जल्द खुलासा करने तथा गैंगस्टर और गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई तेज करने पर भी जोर दिया गया।
सड़क हादसे घटे, नया पोर्टल शुरू
डीजीपी ने बताया कि ZFD और RTC अभियान के चलते 1 जनवरी से 30 जून 2026 के दौरान पिछले वर्ष की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में 9 प्रतिशत और मौतों में 10 प्रतिशत की कमी आई है, जिससे 800 से अधिक लोगों की जान बची। वहीं, 60 और 90 दिन से लंबित विवेचनाओं की निगरानी के लिए Case Diary Monitoring Dashboard शुरू किया गया है। इसके अलावा मिशन शक्ति केंद्रों की समीक्षा में दहेज हत्या के मामलों में करीब 43 प्रतिशत और दहेज प्रताड़ना में 13 प्रतिशत कमी दर्ज होने की जानकारी भी दी गई।
Also Read : गोरखपुर में शुरू हुई डिजिटल पेट्रोलिंग, साइबर ठगी और फर्जी संदेशों पर रखी जाएगी नजर

