नोएडा की PG बिल्डिंग में भीषण आग, महिला समेत 2 की मौत, हिरासत में मकान मालिक
Noida PG Fire: नोएडा के थाना फेस-3 क्षेत्र स्थित मामूरा गांव की गली नंबर-2 में बुधवार दोपहर एक चार मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ग्राउंड फ्लोर पर चार्जिंग के दौरान इलेक्ट्रिक स्कूटर की बैटरी में स्पार्किंग हुई, जिसके बाद पास में खड़े पेट्रोल वाहनों ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग और जहरीला धुआं पूरी इमारत में फैल गया। इस हादसे में एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई।
7 फायर टेंडर ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही फायर सर्विस की 7 गाड़ियां, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, मुख्य अग्निशमन अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने लकड़ी की पट्टियों और अन्य उपकरणों की मदद से इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
पुलिस के मुताबिक, यह भवन पीजी (पेइंग गेस्ट) के रूप में इस्तेमाल हो रहा था और इसमें करीब 50 परिवार रह रहे थे। सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन जहरीले धुएं की चपेट में आने से दो लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

मकान मालिक पर केस दर्ज, जांच जारी
नोएडा पुलिस ने बताया कि मामले में मकान मालिक/लीज धारक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और अन्य कानूनी कार्रवाई भी जारी है।
Also Read : STF ने फर्जी लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस गिरोह का किया भंडाफोड़, मास्टरमाइंड गिरफ्तार

