Lucknow News: बच्चा चोर गिरोह का पर्दाफाश, डेढ़ साल की बच्ची का अपहरण करने वाले 5 शातिर गिरफ्तार

Lucknow News: राजधानी लखनऊ की थाना चौक पुलिस और वेस्ट जोन की क्राइम टीम ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे के भीतर एक मासूम बच्ची के अपहरण का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने घटना में शामिल 5 शातिरों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस टीम को करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी पड़ी।

13 जुलाई को थाना चौक के अंतर्गत नेशनल मेडिकल के बरामदे के पास से रात करीब 2:30 बजे एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची का अपहरण कर लिया गया था। पीड़ित माता-पिता की सूचना पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बच्ची की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कीं। पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी को देखकर घबराए आरोपी बच्ची को 13 जुलाई को ही आलमबाग क्षेत्र की मछली मंडी में लावारिस छोड़कर भाग निकले, जहां से पुलिस ने उसे सकुशल बरामद कर माता-पिता को सौंप दिया था।

गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया है। हरदोई निवासी शेरसिंह को एक बच्चे की जरूरत थी, जिसके लिए उसने अपने रिश्तेदार डॉ. श्यामजी यादव से संपर्क किया। श्यामजी ने मोहम्मद सुल्तान के माध्यम से बच्चा उपलब्ध कराने की साजिश रची। इसके बाद 13 जुलाई की रात ऋषभ, रोहित, महेश और इरशाद ने चौक इलाके से बच्ची को उठा लिया।

जब आरोपी बच्ची को लेकर शेरसिंह के पास पहुंचे, तो उसने बच्ची की उम्र (18 माह) अधिक होने की बात कहकर उसे खरीदने से मना कर दिया। सौदा रद्द होने के बाद पकड़े जाने के डर से आरोपी बच्ची को मवैया (आलमबाग) की मछली मंडी में छोड़कर भाग गए थे। पुलिस और सर्विलांस टीम की सुराग रस्सी के बाद आज (15 जुलाई) सुबह करीब 08:45 बजे गुलजार नगर से भूसामण्डी चौराहा होकर मालवीय नगर मोड़ के पास (थाना बाजारखाला) से पाँचों आरोपियों को दबोच लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से अपहृत बच्ची (जो पहले ही बरामद हो चुकी थी) के अलावा घटना में इस्तेमाल किए गए 4 मोबाइल फोन (वीवो, जियो भारत, मोटोरोला और ओप्पो) बरामद किए हैं।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान ऋषभ कश्यप (20 वर्ष), निवासी- मछली मण्डी, बाजारखाला, लखनऊ, रोहित पासी उर्फ जादू (22 वर्ष), निवासी- मछली मण्डी झोपड़पट्टी, बाजारखाला, लखनऊ, मोहम्मद सुल्तान (27 वर्ष), निवासी- मवैया नेहरू नगर, नाका, लखनऊ, मोहम्मद इरशाद शाह (25 वर्ष), निवासी- गुलजारनगर, बाजारखाला, लखनऊ, श्याम जी यादव (29 वर्ष), निवासी- मुजफ्फर नगर चौधरी खेड़ा, काकोरी, लखनऊ के रूप में हुई है।

साजिशकर्ता शेर सिंह और अपहरण में शामिल महेश फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी) द्वारा चौक पुलिस और क्राइम टीम को 15 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की गई है।

Also Read: IRCTC का नया पोर्टल आज लॉन्च, टिकट बुकिंग होगी और भी आसान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.