ICC ने बदल दिया वनडे और T20 वर्ल्ड कप का फॉर्मेट, अब टॉप टीमों को मिलेगा बड़ा फायदा

ICC World Cup Format: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने पुरुषों के वनडे और टी20 वर्ल्ड कप के फॉर्मेट में बड़े बदलावों को मंजूरी दे दी है। एडिनबर्ग में हुई आईसीसी बोर्ड की सालाना बैठक में चीफ एग्जीक्यूटिव्स कमिटी की सिफारिशों के आधार पर यह फैसला लिया गया। आईसीसी के अनुसार, नए फॉर्मेट का उद्देश्य टूर्नामेंट को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाना और ग्रुप चरण में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों को अतिरिक्त फायदा देना है।

2027 में दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में 14 टीमें ही खेलेंगी, लेकिन अब टूर्नामेंट में कुल 57 मुकाबले होंगे। पहले चरण में निचली रैंक वाली तीन टीमें ‘सुपर सीरीज’ खेलेंगी। इसके बाद 12 टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा और फिर सुपर-7 चरण के जरिए शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।

T20 वर्ल्ड कप में सुपर-10 और एलिमिनेटर की एंट्री

2028 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की मेजबानी में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में 20 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 55 मैच खेले जाएंगे। शुरुआती दौर में अब पांच ग्रुप होंगे, जिनमें चार-चार टीमें रहेंगी। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सुपर-10 चरण में पहुंचेंगी।

सुपर-10 के दोनों ग्रुपों की विजेता टीमें सीधे सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। वहीं दूसरे स्थान पर रहने वाली टीमों का मुकाबला दूसरे ग्रुप की तीसरे स्थान वाली टीम से एलिमिनेटर में होगा। इन मुकाबलों की विजेता टीमों को सेमीफाइनल का टिकट मिलेगा।

क्वालिफिकेशन नियमों में भी बदलाव

आईसीसी ने 2028 टी20 वर्ल्ड कप के क्वालिफिकेशन सिस्टम में भी बदलाव किया है। जो टीमें 2026 संस्करण में खेलेंगी लेकिन सीधे क्वालिफाई नहीं कर पाएंगी, उन्हें ग्लोबल क्वालिफायर खेलना होगा। इसके अलावा एसोसिएट देशों के लिए 16 टीमों के नए ग्लोबल टूर्नामेंट को भी मंजूरी दे दी गई है।

Also Read : टीम इंडिया से अलग होना चाहता है ये कोच, गौतम गंभीर की टीम में नहीं मिला मनचाहा रोल 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.