Bareilly News: मीरगंज पुलिस ने चोरी की ईको गाड़ी के साथ शातिर चोर को दबोचा

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद की थाना मीरगंज पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चोरी की एक ईको कार के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को उस वक्त दबोचा जब वह चोरी की गई गाड़ी को कहीं और ठिकाने लगाने की फिराक में था।

ढाई महीने पहले घर के बाहर से हुई थी चोरी

घटनाक्रम के अनुसार, दिनांक 21 अप्रैल, 2026 को कस्बा व थाना मीरगंज के मोहल्ला खानपुरा निवासी मुन्ने पुत्र अनवार खाँ ने पुलिस को लिखित तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि 20 अप्रैल 2026 को उनके घर के सामने खड़ी उनकी ईको गाड़ी (रजिस्ट्रेशन नंबर- UP22AM6070) को किसी अज्ञात चोर ने पार कर दिया है। पीड़ित की शिकायत पर मीरगंज पुलिस ने तत्काल अज्ञात के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 170/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) में केस दर्ज कर जांच शुरू की थी।

दर्ज मुकदमे की तफ्तीश के दौरान मीरगंज पुलिस लगातार चोर और गाड़ी की सुराग रसी में जुटी थी। इसी क्रम में बुधवार को उप-निरीक्षक पंकज कुमार ने अपनी हमराही टीम के साथ मनकरा रोड, मोहल्ला खानपुरा के पास से नाकेबंदी कर एक संदिग्ध ईको कार को रोका। पुलिस ने कार के साथ मौजूद अभियुक्त युनुस (उम्र 22 वर्ष) को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की, तो सारा मामला खुल गया।

गिरफ्तार अभियुक्त युनुस ने पुलिसिया पूछताछ में अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि करीब ढाई महीने पहले उसने शराब के नशे में धुत होकर खानपुरा मीरगंज से इस ईको गाड़ी को चोरी किया था। चोरी करने के बाद उसने पकड़े जाने के डर से कार को एक सुरक्षित जगह पर छिपाकर खड़ा कर दिया था। आज वह इस चोरी की कार को लेकर रामपुर बेचने या ठिकाने लगाने जा रहा था, लेकिन मीरगंज पुलिस की सक्रियता के कारण रास्ते में ही पकड़ा गया।

पुलिस ने आरोपी युनुस के पास से चोरी की गई ईको गाड़ी (UP22AM6070) को शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है। बरामदगी और गिरफ्तारी के पुख्ता आधार पर पुलिस ने दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस (चोरी की संपत्ति को छिपाना/रखना) की बढ़ोतरी की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर उसे जेल भेजने की विधिक कार्रवाई की है। चोरी का खुलासा करने और आरोपी को दबोचने वाली टीम में मीरगंज थाने के उप-निरीक्षक पंकज कुमार, आरक्षी (कॉन्स्टेबल) अंकुर सिरोही, आरक्षी नितिन नागर और आरक्षी अमित कुमार शामिल रहे।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: ICC ने बदल दिया वनडे और T20 वर्ल्ड कप का फॉर्मेट, अब टॉप टीमों को मिलेगा बड़ा फायदा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.