लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे खुलते ही हादसा, बाइक पर रोक के बावजूद चढ़े दो युवक, दोनों की मौत

Lucknow Kanpur Expressway: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे शुरू होने के दूसरे ही दिन बड़ा सड़क हादसा सामने आया। एक्सप्रेसवे पर दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध होने के बावजूद दो युवक बाइक लेकर पहुंच गए। बंथरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार वाहन की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

पुलिस के मुताबिक, उन्नाव के सोहरामऊ थाना क्षेत्र के अर्जुनामऊ निवासी 25 वर्षीय हिमांशु सिंह अपने साथी हरदोई के संडीला निवासी 24 वर्षीय शैलेंद्र सिंह के साथ बुधवार शाम लखनऊ से बाइक पर घर लौट रहे थे। शाम करीब छह बजे बंथरा कस्बे के पास एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 20.5 पर पीछे से आए एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही बंथरा पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने हिमांशु को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल शैलेंद्र को केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

बाइक पर पहले से थी रोक, हेलमेट भी नहीं पहना था

इस एक्सप्रेसवे पर दोपहिया, तिपहिया और अन्य धीमी गति वाले वाहनों के प्रवेश पर पहले से ही पूरी तरह प्रतिबंध है। इसके बावजूद कुछ लोग शॉर्टकट के लिए आसपास के रास्तों से एक्सप्रेसवे पर चढ़ रहे हैं। पुलिस ने बताया कि हादसे के समय दोनों युवकों ने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था।

टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया। उसकी पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। टोल प्लाजा के रिकॉर्ड भी जांचे जा रहे हैं।

एक्सप्रेसवे पर तकनीकी दिक्कतें भी आईं सामने

एक्सप्रेसवे से लखनऊ और कानपुर के बीच सफर तो तेज हुआ है, लेकिन शुरुआती दिनों में कुछ तकनीकी परेशानियां भी सामने आई हैं। उन्नाव एग्जिट, अमौसी एंट्री प्वाइंट और आजाद चौक के पास कई जगह वाहनों की रफ्तार धीमी रही। उन्नाव और आजाद चौक पर फास्टैग व नंबर प्लेट पढ़ने वाले सेंसर बीच-बीच में बंद हो गए, जिससे टोल प्लाजा पर वाहनों की कतार लग गई।

Also Read: Lucknow: डॉक्टर ने नशे की हालत में की सर्जरी! मरीज की मौत, अस्पताल में जमकर हंगामा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.