अखिलेश यादव के विदेशी दौरों पर ओमप्रकाश राजभर ने उठाए सवाल, बोले- विदेशी कंपनियों के भरोसे नहीं जीते जाते चुनाव
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर जुबानी तीर चलने शुरू हो गए हैं। योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा के मुखिया ओमप्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर सीधा निशाना साधा है। राजभर ने दावा किया है कि अखिलेश यादव आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करने के लिए एक विदेशी कंपनी की मदद ले रहे हैं और उनके हालिया विदेश दौरे इसी रणनीति का हिस्सा हैं। हालांकि, सुभासपा अध्यक्ष ने अपने इन दावों के पक्ष में कोई पुख्ता सबूत पेश नहीं किया है।
सोशल मीडिया पर मोर्चा खोलते हुए राजभर ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने चुनावी फायदा उठाने और जातियों में दरार पैदा करने के लिए एक विदेशी एजेंसी को ‘सीक्रेट टास्क’ सौंपा है। उन्होंने सपा के बहुचर्चित PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले को पूरी तरह फेल बताते हुए कहा कि करोड़ों रुपये पानी की तरह बहाकर चुनाव नहीं जीते जा सकते।
अखिलेश जी,
वैसे तो विदेश से आपका मोह बहुत ज़्यादा है लेकिन इधर देख रहा हूं कि आप विदेश के चक्कर ज़्यादा लगाने लगे हैं। पता लगाया तो माज़रा कुछ और निकला। पता चला है कि चुनाव जीतने के लिए आपने एक विदेशी कंपनी को खुफिया काम पर लगाया हुआ है। इसका काम जातियों में लड़ाई लगवाने का है…
— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) July 16, 2026
अखिलेश यादव को एसी और ट्विटर वाला नेता करार देते हुए राजभर ने राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि सिर्फ भारी-भरकम फंडिंग और विदेशी रणनीतिकारों के दम पर सत्ता हासिल नहीं की जा सकती। राजभर ने अखिलेश को पुराने दिनों की याद दिलाते हुए यह भी आरोप लगाया कि 2012 में जब सपा सरकार आई थी, तब राज्य में अराजकता और जातीय हिंसा का बोलबाला था। फिलहाल इस तीखे हमले पर समाजवादी पार्टी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
Also Read: Major League Cricket: निकोलस पूरन ने रचा इतिहास, 30 गेंदों में ठोका सबसे तेज शतक

