Lucknow News: यूपी एसटीएफ ने इनामी हत्या के आरोपी को राजस्थान से किया गिरफ्तार
Lucknow News: उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (UP STF) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ ने साल 2019 से लखनऊ के एक सनसनीखेज हत्या और लूट के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी मोनू यादव उर्फ अभिमन्यु यादव को राजस्थान से धर दबोचा है। अपर पुलिस अधीक्षक (एसटीएफ) दिनेश कुमार सिंह के कुशल पर्यवेक्षण में कानपुर फील्ड इकाई के उपनिरीक्षक राहुल परमार और उनकी टीम ने खुफिया इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की। आरोपी को राजस्थान के डीडवाना जिले में स्थित सत्या इंडस्ट्रीज खंडेलवाल स्वीट्स से गिरफ्तार किया गया।
यह पूरा मामला जुलाई 2019 का है, जब लखनऊ के सरोजनी नगर थाने में टैक्सी ड्राइवर शुभम पांडेय की हत्या और वाहन लूट से संबंधित एक मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी मोनू यादव ने अपने साथियों (मिथिलेश पांडेय, छोटू सिंह और मोहन यादव) के साथ मिलकर 14 जुलाई 2019 की रात गोरखपुर निवासी ड्राइवर शुभम पांडेय की टैक्सी (UP-53-1469) को एयरपोर्ट जाने के बहाने बुक किया था। रास्ते में गाड़ी लूटने की नीयत से इन लोगों ने ड्राइवर की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक कर गाड़ी लेकर बनारस भाग गए थे।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी मोनू यादव ने कुबूल किया कि वारदात के बाद जब उसे पुलिस केस दर्ज होने की भनक लगी, तो वह कानून के शिकंजे से बचने के लिए बेंगलुरु भाग गया था, जहां उसने कुछ समय तक कंडक्टरी की। इसके बाद वह राजस्थान आ गया और अपनी पहचान छिपाकर डीडवाना की एक मिठाई दुकान में काम करने लगा। आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसमें बलिया और लखनऊ में दर्ज मारपीट, हत्या और कानूनी प्रक्रियाओं से भागने के मामले शामिल हैं। एसटीएफ ने आरोपी को लखनऊ के सरोजनी नगर थाने में दाखिल कर दिया है, जहां स्थानीय पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
Also Read: पेंटागन ने 30 प्लस सैन्यकर्मियों के लिए अनिवार्य किया टेस्टोस्टेरोन जांच

