Bareilly News: जल संरक्षण के लिए बड़ा अभियान, DM ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
Bareilly News: गिरते भूजल स्तर को सुधारने और पानी की हर बूंद को सहेजने के लिए उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर बरेली में एक बड़े जन-जागरूकता अभियान का आगाज हो गया है। भूजल सप्ताह-2026 के तहत आज बरेली के जिलाधिकारी ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने के लिए एक विशेष प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

पानी को बचाने के तरीकों की दी जाएगी जानकारी
इस मौके पर जिलाधिकारी ने जल संरक्षण को समय की सबसे बड़ी मांग बताते हुए कहा कि बिना जन-भागीदारी के पानी को बचाना और भूजल स्तर को ऊपर उठाना संभव नहीं है। उन्होंने बरेली के तमाम नागरिकों से अपील की कि वे बारिश के पानी को सहेजने (रेन वॉटर हार्वेस्टिंग) की तकनीक को अपनाएं, पानी की बर्बादी रोकें और इस मुहिम का हिस्सा बनें। यह विशेष जागरूकता रथ जिले के अलग-अलग कोनों में घूमकर लोगों को वॉटर रीचार्जिंग और पानी बचाने के तरीकों की जानकारी देगा।
गौरतलब है कि पूरे प्रदेश में 16 जुलाई से 22 जुलाई, 2026 तक भूजल सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत आने वाले दिनों में ग्राम पंचायतों, विकास खंडों, नगर निकायों और जिला स्तर पर पौधरोपण, जागरूकता रैलियां, कार्यशालाएं और जल संरक्षण की शपथ जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के शुभारंभ के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, सीनियर हाइड्रोजियोलॉजिस्ट सौरभ साह समेत लघु सिंचाई एवं भूगर्भजल विभाग के तमाम अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: Lucknow News: यूपी एसटीएफ ने इनामी हत्या के आरोपी को राजस्थान से किया गिरफ्तार

