सोनम वांगचुक के अनशन पर अमेरिका से भी अपील, PM मोदी से की बातचीत की मांग

Sonam Wangchuk Hunger Strike : शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनशन लगातार जारी है। गुरुवार को उनका अनशन 19वें दिन में पहुंच गया। बताया जा रहा है कि उनकी तबीयत लगातार बिगड़ रही है। इस बीच देश के विभिन्न हिस्सों से उनसे अनशन समाप्त करने की अपील की जा रही है।

इसी दौरान अमेरिका स्थित भारतीय प्रवासी संगठन द हिंदूज फॉर ह्यूमन राइट्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक खुला पत्र लिखकर सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई है। संगठन ने सरकार से बातचीत के जरिए इस मामले का समाधान निकालने और वांगचुक का अनशन समाप्त कराने की अपील की है।

सरकार से बातचीत और जवाबदेही की प्रक्रिया शुरू करने की मांग

संगठन का कहना है कि प्रदर्शनकारियों ने परीक्षा में कथित गड़बड़ियों, शिक्षा व्यवस्था, संस्थागत जवाबदेही और सार्वजनिक व्यवस्था की कमियों से छात्रों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।

प्रधानमंत्री को लिखे खुले पत्र में संगठन ने कहा कि सरकार को प्रदर्शनकारियों से मुलाकात करनी चाहिए, उनकी ओर से उठाए गए परीक्षा और शिक्षा प्रशासन से जुड़े मुद्दों पर ठोस जवाब देना चाहिए और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए एक विश्वसनीय तथा समयबद्ध प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए।

संगठन ने सरकार से यह भी आग्रह किया कि अनशन कर रहे प्रदर्शनकारियों से मिलने के लिए एक अधिकृत प्रतिनिधि भेजा जाए, उन्हें बिना किसी बाधा के उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और छात्रों द्वारा लगाए गए आरोपों पर पारदर्शी तरीके से सार्वजनिक जवाब दिया जाए।

वांगचुक और छात्रों से स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की अपील

द हिंदूज फॉर ह्यूमन राइट्स ने सोनम वांगचुक और उनके साथ अनशन कर रहे छात्रों से भी अपनी सेहत और जीवन को प्राथमिकता देने की अपील की है।

संगठन ने कहा कि उनकी चिंताओं को भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के लोगों ने सुना है। अपनी मांगों की गंभीरता दिखाने के लिए उन्हें अपने स्वास्थ्य का बलिदान नहीं देना चाहिए।

इसके साथ ही संगठन ने सरकार से परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी कथित गड़बड़ियों को दूर करने के लिए स्पष्ट व्यवस्था बनाने और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के अधिकार की रक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.