Bareilly News: आलोक नगर लूटकांड के दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से एक घायल

Bareilly News: बरेली जनपद के थाना इज्जतनगर पुलिस को शुक्रवार रात चेकिंग के दौरान एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुठभेड़ के बाद आलोक नगर में हुई सनसनीखेज लूट की वारदात में शामिल दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। वहीं, उसका दूसरा साथी भी दबोच लिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात इज्जतनगर पुलिस टीम सैदपुर पिकेट चेक पोस्ट पर सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पीलीभीत रोड की तरफ से आ रहे एक स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को सामने देख बाइक सवारों ने रुकने के बजाय गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने जब मुस्तैदी दिखाते हुए उनका पीछा किया, तो अनियंत्रित होकर बदमाशों की बाइक घास पर फिसलकर खेत की तरफ गिर गई।

जैसे ही पुलिस कर्मियों ने बदमाशों को घेरकर पकड़ने का प्रयास किया, बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने खेतों की तरफ दौड़ लगाते हुए पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से सीधे फायरिंग कर दी। वहीं, बाइक चला रहा दूसरा संदिग्ध भी जंगल की ओर भागने लगा। पुलिस टीम पर हुई फायरिंग के बाद पुलिस ने अपनी जान बचाने के लिए आत्मरक्षा में (क्रॉस फायरिंग) गोली चलाई। पुलिस की ओर से हुई जवाबी कार्रवाई में गोली सीधे बदमाश के पैर में लगी और वह वहीं ढेर हो गया। वहीं, घेराबंदी कर रहे अन्य पुलिसकर्मियों ने भाग रहे दूसरे बदमाश को भी करीब 100 मीटर की दूरी पर दौड़ाकर दबोच लिया।

बरामद हुआ लूटा गया मंगलसूत्र

पुलिस पूछताछ में घायल अभियुक्त ने अपना नाम जीतू उर्फ जतिन (22 वर्ष) पुत्र दिनेश निवासी 41 नंबर कमरा सदर बाजार, थाना कैंट, हाल निवासी: काशीराम कॉलोनी रामगंगानगर, थाना बिथरी चैनपुर, बरेली) बताया। जामा तलाशी में जीतू के पास से एक .315 बोर का देसी तमंचा, नाल में फंसा एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।

वहीं, मौके से पकड़े गए दूसरे बदमाश ने अपना नाम शिवा (20 वर्ष) पुत्र सूरज (निवासी: वादिया लाईन चनेहटा, थाना कैंट, बरेली) बताया। अभियुक्त शिवा की तलाशी लेने पर उसके पास से बीते 11 जुलाई 2026 की सुबह आलोक नगर में महिला से लूटा गया सोने का मंगलसूत्र बरामद हुआ है। वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर बाइक भी पुलिस ने जब्त कर ली है।

पुलिस के अनुसार, दोनों ही अभियुक्त शातिर किस्म के अपराधी हैं और इनका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। गौरतलब है कि 11 जुलाई को आलोक नगर में हुई लूट की इस घटना के संबंध में थाना इज्जतनगर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 309 (4) के तहत मामला पहले से दर्ज है। पुलिस तफ्तीश में सामने आया है कि इस वारदात में इन दोनों के साथ लकी उर्फ पवन पुत्र दयाराम (निवासी: रामगंगा कॉलोनी, थाना बिथरी चैनपुर, बरेली) नाम का तीसरा आरोपी भी शामिल था, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस मुठभेड के संबंध में आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट व अन्य संगीन धाराओं में एक अलग से नया मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: कांवड़ियों को सीएम योगी की नसीहत, बोले- हुड़दंग हुआ तो विरोधियों को मिलेगा मौका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.