डोप टेस्ट में फेल हुए पाकिस्तानी ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज, ICC ने लगाया 3 महीने का बैन
Mohammad Nawaz: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज को आईसीसी एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। आईसीसी ने पुष्टि की है कि 32 वर्षीय खिलाड़ी का डोप टेस्ट प्रतिबंधित पदार्थ Carboxy-THC के लिए पॉजिटिव आया। इसके बाद नवाज ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और सजा भी मान ली। इस मामले में उन पर तीन महीने का प्रतिबंध लगाया गया, हालांकि उपचार कार्यक्रम पूरा करने के बाद उनकी सजा में राहत दी गई।
टी20 वर्ल्ड कप मैच के बाद लिया गया था सैंपल
आईसीसी के अनुसार, नवाज का सैंपल 7 फरवरी 2026 को श्रीलंका के कोलंबो में पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच खेले गए आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 मैच के बाद लिया गया था। जांच में उनका सैंपल ‘Substance of Abuse’ (Carboxy-THC) के लिए पॉजिटिव पाया गया। एंटी-डोपिंग नियमों के तहत इस तरह के मामलों में चेतावनी से लेकर छह महीने तक का प्रतिबंध लगाया जा सकता है।
नवाज ने दी सफाई, ICC ने दी राहत
मोहम्मद नवाज ने कहा कि प्रतिबंधित पदार्थ का सेवन उन्होंने खेल के दौरान नहीं किया था और इसका उनके प्रदर्शन से कोई संबंध नहीं था। आईसीसी ने उनके 7 फरवरी 2026 के मैच और 1 मई 2026 से पहले खेले गए सभी मुकाबलों के परिणाम अयोग्य घोषित कर दिए हैं।
आईसीसी ने बताया कि 1 मई 2026 से प्रभावी तीन महीने के प्रतिबंध को उपचार कार्यक्रम में सहयोग और सजा स्वीकार करने के कारण घटाकर एक महीने कर दिया गया। नवाज पहले ही दो महीने 15 दिन का अस्थायी निलंबन पूरा कर चुके हैं। उपचार कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने पर उन्हें आगे किसी अतिरिक्त प्रतिबंध का सामना नहीं करना पड़ेगा।
Also Read: क्या लॉर्ड्स में रोहित शर्मा खेलेंगे आखिरी वनडे? माता-पिता के लंदन पहुंचने से अटकलें तेज

