UP: घोसी, दुद्धी और फरीदपुर में उपचुनाव रद्द! मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताई वजह

UP News: उत्तर प्रदेश की घोसी, दुद्धी और फरीदपुर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव को लेकर चल रही अटकलों पर आखिरकार चुनाव आयोग ने विराम लगा दिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने स्पष्ट कर दिया है कि इन तीनों रिक्त सीटों पर अब उपचुनाव नहीं कराया जाएगा। उनका कहना है कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव में अब एक वर्ष से भी कम समय बचा है, इसलिए इन सीटों पर अलग से उपचुनाव कराने की आवश्यकता नहीं है।

मुख्य चुनाव आयुक्त के इस बयान के बाद साफ हो गया है कि इन तीनों विधानसभा क्षेत्रों के मतदाता अब सीधे अगले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में ही अपने नए विधायक का चुनाव करेंगे।

चुनाव आयोग ने बताई वजह

लखनऊ स्थित भारत अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र एवं निर्वाचन प्रबंधन संस्थान (IIIDEM) में आयोजित राष्ट्रीय मीडिया सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि निर्वाचन आयोग पिछले कुछ महीनों से लगातार विभिन्न चुनावी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में व्यस्त रहा है।

उन्होंने बताया कि पहले उत्तर प्रदेश (UP) में 10 अप्रैल तक विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान चलाया गया। इसके बाद पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों में चुनाव और निर्वाचन संबंधी अन्य कार्यों के कारण आयोग लगातार व्यस्त रहा। इसी बीच विधानसभा चुनाव का समय भी काफी नजदीक आ गया है।

अब सीधे विधानसभा चुनाव में होगा मतदान

मुख्य चुनाव आयुक्त ने संकेत दिया कि घोसी, दुद्धी और फरीदपुर सीटों पर अब अलग से उपचुनाव नहीं कराया जाएगा। इन तीनों सीटों पर मतदाता आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान ही अपने प्रतिनिधि का चुनाव करेंगे।न

चुनाव आयोग के इस फैसले के साथ ही UP के इन तीनों सीटों पर उपचुनाव की सभी संभावनाएं समाप्त हो गई हैं। अब राजनीतिक दल भी इन क्षेत्रों में अपनी रणनीति सीधे 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर तैयार करेंगे।

Also Read: ‘वंदे मातरम्’ के अपमान पर सख्त कानून की तैयारी, अमित शाह राज्यसभा में पेश करेंगे बिल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.