क्रिकेट के सबसे महान ऑलराउंडर सर गैरी सोबर्स नहीं रहे, 89 वर्ष की उम्र में हुआ निधन
Gary Sobers Died: क्रिकेट जगत से बेहद दुखद खबर सामने आई है। वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिकेटर और खेल इतिहास के महानतम ऑलराउंडरों में शुमार सर गैरी सोबर्स का 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। अपने 90वें जन्मदिन से महज दो सप्ताह पहले उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर के बाद दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों और पूर्व खिलाड़ियों ने शोक व्यक्त किया है।
सर गैरी सोबर्स को क्रिकेट इतिहास का सबसे संपूर्ण ऑलराउंडर माना जाता है। उन्होंने अपने करियर में बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग—तीनों विभागों में ऐसे कीर्तिमान स्थापित किए, जो आज भी उन्हें खेल के सबसे महान खिलाड़ियों की सूची में सबसे ऊपर रखते हैं।
दो दशक तक वेस्टइंडीज की शान रहे
गैरी सोबर्स ने 1954 से 1974 तक वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व किया। करीब 20 वर्षों तक उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पर गहरी छाप छोड़ी। उनकी सबसे बड़ी खासियत यह थी कि वे विश्वस्तरीय बल्लेबाज होने के साथ-साथ तेज गेंदबाजी और स्पिन – दोनों में माहिर थे। इसके अलावा उनकी फील्डिंग भी किसी मिसाल से कम नहीं थी।
आंकड़े जो महानता की गवाही देते हैं
अपने टेस्ट करियर में सर गैरी सोबर्स ने 93 मैच खेले और 57.78 की शानदार औसत से 8,032 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 26 शतक और 30 अर्धशतक निकले। गेंदबाजी में भी उन्होंने 235 विकेट हासिल किए और कई मौकों पर टीम को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला।
फील्डिंग में भी उनका योगदान शानदार रहा। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में 109 कैच लपककर अपनी चुस्ती और बेहतरीन एथलेटिक क्षमता का परिचय दिया।
क्रिकेट जगत में शोक की लहर
सर गैरी सोबर्स के निधन से क्रिकेट जगत ने अपने सबसे महान खिलाड़ियों में से एक को खो दिया है। उनके योगदान को केवल आंकड़ों से नहीं आंका जा सकता। उन्होंने जिस तरह खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा बना रहेगा।

