Siddharthnagar News: जिलाधिकारी ने पौधरोपण अभियान के तहत लगे हर पौधे का जियो-टैगिंग कराने का दिया निर्देश
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में पर्यावरण संरक्षण और विकास कार्यों को गति देने के लिए शुक्रवार को जिला गंगा एवं पर्यावरण समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता और प्रभागीय वनाधिकारी नीला एम की गरिमामयी उपस्थिति में यह बैठक जिलाधिकारी कैंप कार्यालय पर संपन्न हुई। बैठक के दौरान जिले में पर्यावरण संतुलन, नदियों के पुनरुद्धार और कचरा प्रबंधन को लेकर कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए गए।
पौधों की नियमित निगरानी के लिए तकनीक का सहारा
समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने वन विभाग और संबंधित एजेंसियों को निर्देशित करते हुए कहा कि हाल ही में चलाए गए वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत जनपद में जितने भी पौधे रोपे गए हैं, उन सभी की शत-प्रतिशत जियो-टैगिंग (Geo-tagging) सुनिश्चित कराई जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जियो-टैगिंग होने से पौधों की वास्तविक स्थिति की नियमित और पारदर्शी तरीके से डिजिटल निगरानी की जा सकेगी, जिससे पौधों के जीवित रहने की दर में सुधार होगा।

कचरा प्रबंधन के लिए एमआरएफ सेंटरों को मिलेगी जमीन
स्वच्छता अभियान और ठोस कचरा प्रबंधन की समीक्षा करते हुए डीएम ने शहरी निकायों की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत क्षेत्रों में अब तक एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध नहीं हो पाई है, वहां के अधिकारी अविलंब सक्रिय हों। उन्होंने संबंधित उपजिलाधिकारियों और अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे शीघ्र ही उपयुक्त सरकारी भूमि को चिन्हित कर उसका विधिवत प्रस्ताव तैयार करें ताकि कचरा निस्तारण का काम तेजी से शुरू हो सके।
आमी नदी के जीर्णोद्धार कार्यों में तेजी लाने की हिदायत
जनपद की जल संरचनाओं को पुनर्जीवित करने के संकल्प को दोहराते हुए जिलाधिकारी ने आमी नदी के पुनरुद्धार प्रोजेक्ट की समीक्षा की। उन्होंने आमी नदी से जुड़े शेष बचे सभी जीर्णोद्धार और सफाई कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गौरव श्रीवास्तव, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, एसडीओ वन बीना तिवारी सहित जनपद की सभी नगर पालिकाओं व नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों के आला अफसर मौजूद रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: नहीं रुकेगा अनशन! वांगचुक की जगह अब हंगर स्ट्राइक पर बैठेंगे अभिजीत, CJP का बड़ा ऐलान

