FIFA World Cup 2026 Final: मेसी बनाम स्पेन के महामुकाबले का जबरदस्त क्रेज, टिकटों ने तोड़े सभी रिकॉर्ड
Sports News: फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल को लेकर दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
20 जुलाई को अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित मेटलाइफ स्टेडियम में खेले जाने वाले खिताबी मुकाबले में लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना और स्पेन आमने-सामने होंगी।
इस हाई-वोल्टेज मुकाबले के लिए टिकटों की मांग इतनी अधिक है कि रीसेल मार्केट में कीमतों ने नए रिकॉर्ड बना दिए हैं।
टिकट रीसेल प्लेटफॉर्म TickPick के अनुसार, फाइनल मुकाबले के लिए औसतन एक टिकट की कीमत 11,327 अमेरिकी डॉलर (करीब 11 लाख रुपये) तक पहुंच गई है।
दावा किया जा रहा है कि यह अमेरिकी खेल इतिहास में किसी भी स्पोर्ट्स इवेंट के लिए दर्ज की गई सबसे अधिक औसत रीसेल कीमत है।
रिपोर्ट के मुताबिक, इसने अमेरिका के सबसे बड़े खेल आयोजन सुपर बाउल LVIII का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया है, जहां टिकटों की औसत रीसेल कीमत लगभग 9,411 डॉलर (करीब 9 लाख रुपये) थी।

सबसे सस्ता टिकट भी लाखों में
फाइनल मैच का सबसे सस्ता टिकट भी प्रशंसकों की पहुंच से काफी दूर नजर आ रहा है। रीसेल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध सबसे कम कीमत वाला टिकट 6,943 डॉलर (करीब 6.7 लाख रुपये) में सूचीबद्ध किया गया।
ऊंची कीमतों के बावजूद टिकटों की मांग लगातार बनी हुई है और बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी इस ऐतिहासिक मुकाबले का गवाह बनने के लिए तैयार हैं।
मेसी और स्पेन पर रहेंगी दुनिया की नजरें
मेटलाइफ स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में एक ओर अर्जेंटीना लगातार दूसरा विश्व कप खिताब जीतने की कोशिश करेगी, वहीं स्पेन एक बार फिर विश्व फुटबॉल में अपनी बादशाहत स्थापित करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
भारतीय समयानुसार यह मुकाबला रात 12:30 बजे शुरू होगा।
फुटबॉल जगत की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि क्या लियोनेल मेसी अपनी टीम को एक और विश्व कप खिताब दिला पाएंगे या स्पेन नया इतिहास रचेगा।

