समृद्धि एक्सप्रेसवे पर कार-ट्रक की टक्कर में 5 की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र के वर्धा जिले और उत्तर प्रदेश के अमरोहा से दो बेहद दर्दनाक सड़क हादसों की खबरें सामने आई हैं। वर्धा में समृद्धि एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार आयशर ट्रक और कार के बीच हुई सीधी भिड़ंत में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। वहीं, यूपी के अमरोहा में ओवरटेक करने के प्रयास में एक मोटरसाइकिल ट्रक की चपेट में आ गई, जिससे तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई।

टक्कर के बाद आग का गोला बना ट्रक

महाराष्ट्र का यह भीषण हादसा पुलगांव पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले विरुल इंटरचेंज के पास आधी रात को हुआ। चश्मदीदों के मुताबिक, मिर्च से लदे एक तेज रफ्तार आयशर ट्रक ने आगे चल रही कार को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि कार पूरी तरह ट्रक के नीचे दब गई। टक्कर के तुरंत बाद ट्रक में भीषण आग लग गई। इस खौफनाक मंजर में कार में सवार ड्राइवर समेत चारों यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अस्पताल ले जाते समय ट्रक चालक ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल ट्रक के क्लीनर का इलाज जारी है। घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर घंटों ट्रैफिक जाम रहा, जिसे हाईवे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बहाल कराया।

अमरोहा में ओवरटेक पड़ा भारी, तीन घरों के चिराग बुझे

दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के बछरायूं क्षेत्र में रविवार शाम करीब 6:30 बजे एक और दर्दनाक हादसा हुआ। पुलिस अधीक्षक लाखन सिंह यादव के अनुसार, गजरौला-बछरायूं मार्ग पर एक ही मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक गजरौला की तरफ से आ रहे थे। रास्ते में आगे चल रहे एक बड़े ट्रक (कैंटर) को ओवरटेक करने की कोशिश में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार कासिम (23), सरफराज (35) और शारिक (25) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। ये तीनों मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के कटरा मोहल्ले के रहने वाले थे।

बिजली के खंभे से टकराकर खेत में पलटा ट्रक

अमरोहा में हुई इस टक्कर की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मोटरसाइकिल को कुचलने के बाद अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे लगे बिजली के एक खंभे को तोड़ता हुआ सीधे खेत में जाकर पलट गया। इस दुर्घटना में ट्रक चालक वसीम और परिचालक फरीद भी गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Also Read: 50 से ज्यादा परीक्षाएं, फिर भी सरकारी नौकरी नहीं, बेरोजगारी से टूटकर AKTU टॉपर ने किया सुसाइड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.