त्रिपुरा के DGP अनुराग धनखड़ का पुलिस हेडक्वार्टर के दफ्तर में फंदे से लटका मिला शव

Sandesh Wahak Digital Desk: त्रिपुरा की राजधानी अगरतला से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद खबर सामने आई है। राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) अनुराग धनखड़ का शव पुलिस मुख्यालय स्थित उनके ही दफ्तर में संदिग्ध हालात में फंदे से लटका हुआ पाया गया। आनन-फानन में उन्हें तुरंत जीबीपी (GBP) अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे सूबे के प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री माणिक साहा और मुख्य सचिव जे.के. सिन्हा सहित सरकार के कई आला अधिकारी अस्पताल पहुंचे।

फिलहाल, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मुख्यालय के उस हिस्से को सील कर दिया है और फोरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मौत की असली वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

बता दें कि 1994 बैच के आईपीएस (IPS) अधिकारी अनुराग धनखड़ ने मई 2025 में अमिताभ रंजन की जगह त्रिपुरा के डीजीपी का पदभार संभाला था। राज्य के सबसे शीर्ष पुलिस अधिकारी की इस तरह अचानक हुई मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Also Read: दिल्ली में CJP का प्रदर्शन उग्र, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले, अमित शाह से मिले धर्मेंद्र प्रधान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.