Siddharthnagar News: जौहर यूनिवर्सिटी के ध्वस्तीकरण आदेश पर भड़की सपा, राज्यपाल के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन
Siddharthnagar News: रामपुर की मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी की इमारतों को गिराने के प्रशासनिक फरमान के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। पार्टी के प्रदेश सदस्य कमाल अहमद खान के नेतृत्व में सपाइयों ने जिलाधिकारी के माध्यम से उत्तर प्रदेश की राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन के जरिए सपा ने यूनिवर्सिटी पर की जा रही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को तत्काल रोकने की मांग की है।

विश्वविद्यालय गिराने से छात्रों के भविष्य पर पड़ेगा बुरा असर
सपा नेताओं ने प्रशासन द्वारा जौहर यूनिवर्सिटी की 40 में से 38 इमारतों को अवैध बताकर 15 दिनों में ढहाने के नोटिस को वापस लेने की अपील की है। उनका तर्क है कि यह विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा का एक बड़ा केंद्र है, जहां हजारों छात्र-छात्राएं अपना भविष्य संवार रहे हैं। ऐसे में इस शैक्षणिक संस्थान को नुकसान पहुँचाने से सीधे तौर पर विद्यार्थियों की पढ़ाई और उनके करियर पर बेहद बुरा असर पड़ेगा।
सपा के प्रदेश सदस्य कमाल अहमद खान ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान से जुड़ा फैसला लेते समय छात्रों के हितों को सर्वोपरि रखा जाना चाहिए। विश्वविद्यालय पर इस तरह की एकतरफा कार्रवाई से सूबे के युवाओं में गहरी नाराजगी और तनाव पैदा हो सकता है।

सपा नेताओं ने आजम खान की रिहाई की भी उठाई मांग
इसके साथ ही, सौंपे गए ज्ञापन में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान और अब्दुल्ला आजम खान के खिलाफ दर्ज मुकदमों को वापस लेने तथा उन्हें ससम्मान रिहा करने की भी मांग की गई। सपा ने राज्यपाल से इस पूरे मामले में हस्तक्षेप कर न्यायसंगत कदम उठाने और ध्वस्तीकरण के इस नोटिस को रद्द कराने का आग्रह किया है।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: त्रिपुरा के DGP अनुराग धनखड़ का पुलिस हेडक्वार्टर के दफ्तर में फंदे से लटका मिला शव

