CJP प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई से भड़कीं प्रियंका गांधी, बोलीं- छात्रों पर लाठीचार्ज क्यों

Priyanka Gandhi: दिल्ली में संसद परिसर के बाहर NEET पेपर लीक और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर जारी आंदोलन के बीच कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। उन्होंने कहा कि पूरा विपक्ष शिक्षा नीति और परीक्षा व्यवस्था पर संसद में चर्चा चाहता है, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर बात करने के बजाय छात्रों पर आंसू गैस के गोले छोड़ रही है और लाठीचार्ज कर रही है। प्रियंका ने कहा, “वे हमारे ही बच्चे हैं, उनके साथ ऐसा व्यवहार क्यों किया जा रहा है?”

कांग्रेस ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन करना लोगों का अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं की आवाज सुनने को तैयार नहीं है। पवन खेड़ा ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने की बात कही।

वहीं कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का शिक्षा व्यवस्था पर भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शुरू से इस मुद्दे को उठा रही है और राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के जरिए इस संघर्ष को आगे बढ़ाया जाएगा।

CJP का हिरासत का दावा, पुलिस पर लगाए आरोप

उधर, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने दावा किया कि उसके संस्थापक अभिजीत दीपके को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। संगठन ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग किया गया। CJP प्रवक्ता सौरव दास ने सोशल मीडिया पर सांसदों से छात्रों के समर्थन में आगे आने की अपील की।

इससे पहले संसद के मानसून सत्र के पहले दिन जंतर-मंतर से निकले संसद मार्च को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेड लगाए और प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज तथा आंसू गैस का इस्तेमाल किया।

Also Read: NEET आंदोलन में बड़ा बवाल, संसद भवन तक पहुंचे CJP प्रदर्शनकारी, पुलिस ने किया लाठीचार्ज 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.