सरकार से वार्ता के बाद सोनम वांगचुक ने तोड़ी भूख हड़ताल, जेपी नड्डा से मिले CJP प्रतिनिधि
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली के जंतर-मंतर पर बीते 28 जून से अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने आखिरकार अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रतिनिधियों के बीच सोमवार को हुई मैराथन बातचीत के बाद यह सहमति बनी। इससे पहले सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के तीन सदस्यों ने भी अपना अनशन खत्म कर दिया। अनशन स्थल पर मौजूद अभिनेत्री शबाना आज़मी, आरजेडी सांसद मनोज झा और अभिनेता प्रकाश राज ने प्रदर्शनकारियों को जूस पिलाकर उनका अनशन तुड़वाया।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने ट्वीट कर दी जानकारी
इस पूरे घटनाक्रम पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, आज सुबह पहली बार प्रदर्शनकारियों की ओर से सरकार के साथ बातचीत का प्रस्ताव आया। सुबह 11:50 बजे से ही हमारी बातचीत बेहद सौहार्दपूर्ण माहौल में जारी रही। डेलीगेशन के साथ पहले मौखिक चर्चा हुई और फिर शाम करीब 4 बजे उन्होंने मुझे अपनी लिखित याचिका सौंपी। सीजेपी की ओर से प्रवक्ता सौरव दास और नेता आशुतोष रांका ने इस वार्ता का नेतृत्व किया।
सीजेपी ने रखी तीन बड़ी मांगें
मुलाकात के दौरान सीजेपी के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय मंत्री के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं। इनमें शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को मुआवजा और सोनम वांगचुक की तत्काल रिहाई (अस्पताल से डिटेंशन खत्म करना) शामिल हैं। वार्ता के बाद सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि मंत्री ने इन मांगों को सही स्तर पर उठाने का भरोसा दिया है, हालांकि सरकार की तरफ से अभी कोई औपचारिक वादा नहीं किया गया है। दास ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ता चैन से नहीं बैठेंगे।
Also Read: CJP प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई से भड़कीं प्रियंका गांधी, बोलीं- छात्रों पर लाठीचार्ज क्यों

