UP STF ने 50 हजार के इनामी जालसाज दीपक राय को किया गिरफ्तार
Moradabad News: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) को शातिर और फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ की टीम ने मुरादाबाद के पाकबाड़ा थाने से वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी दीपक राय को गिरफ्तार कर लिया है। ग्वालियर (मध्य प्रदेश) के रहने वाले इस आरोपी को मुरादाबाद के नानकबाड़ी कट के पास से घेराबंदी कर दबोचा गया। दीपक राय काफी समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।
चेक और जाली दस्तावेज देकर उड़ाया था 60 हजार लीटर डीजल
एसटीएफ की पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त दीपक राय ने अपने जुर्म का खुलासा किया। उसने बताया कि वह मुरादाबाद के पाकबाड़ा क्षेत्र में स्थित चरण फिलिंग स्टेशन (लोधीपुर राजपूत) पहुंचा था। वहाँ उसने ग्वालियर ब्रांच के दो चेक, पहचान पत्र और एक फर्जी लेटर पैड दिखाकर तीन दिन में भुगतान करने का झांसा दिया। इस झांसे में आकर पेट्रोल पंप संचालक ने उसे 60 हजार लीटर डीजल दे दिया, जिसे लेकर वह फरार हो गया था। इस धोखाधड़ी के बाद उसके खिलाफ साल 2020 में पाकबाड़ा थाने में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
राजस्थान, हरियाणा और यूपी के कई जिलों में फैला है अपराध का जाल
एसटीएफ आगरा फील्ड इकाई के अपर पुलिस अधीक्षक राकेश के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक रजनीश चौधरी की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से इस गिरफ्तारी को अंजाम दिया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, दीपक राय एक आदतन और शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद, सहारनपुर और गोंडा के अलावा राजस्थान के जयपुर और हरियाणा के अंबाला, झज्जर व सोनीपत जैसे जिलों में धोखाधड़ी, जालसाजी (420, 467, 468, 471 भादवि) और चेक बाउंस के करीब 9 गंभीर मामले दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी को पाकबाड़ा पुलिस को सौंपकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: NEET OMR विवाद में NTA का बड़ा खुलासा, वायरल शीट्स पर सामने आई सच्चाई

