एनएसए अजीत डोभाल को मिलेगा लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार
Sandesh Wahak Digital Desk: भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल को देश की सुरक्षा और रणनीतिक क्षेत्र में उनके असाधारण योगदान के लिए इस साल के प्रतिष्ठित लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। लोकमान्य तिलक मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा हर साल यह सम्मान उन चुनिंदा हस्तियों को दिया जाता है, जिन्होंने देश की प्रगति और वैश्विक पटल पर भारत का मान बढ़ाने में अभूतपूर्व काम किया हो। ट्रस्ट ने इस बार देश के सबसे बड़े सुरक्षा रणनीतिकार अजीत डोभाल के नाम पर मुहर लगाई है।
पहली बार सुरक्षा क्षेत्र के दिग्गज को सम्मान
लोकमान्य तिलक मेमोरियल ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. रोहित तिलक ने बताया कि इस पुरस्कार की शुरुआत साल 1983 में की गई थी। अब तक विज्ञान, उद्योग और अर्थशास्त्र जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दिग्गजों को इससे नवाजा जा चुका है। डॉ. तिलक ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण क्षेत्र से जुड़े किसी व्यक्ति को अब तक यह सम्मान नहीं मिला था। इस बार जब ट्रस्ट के सदस्यों की बैठक हुई, तो बेहद कम उम्र से खुफिया तंत्र में देश की सेवा करने वाले अजीत डोभाल के नाम पर सर्वसम्मति से फैसला लिया गया।
डॉ. रोहित तिलक ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के रूप में अजीत डोभाल के ऐतिहासिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर, बालाकोट एयर स्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक जैसे बड़े व चुनौतीपूर्ण सैन्य अभियानों की रणनीति तैयार करने में डोभाल की भूमिका अग्रिम रही है। उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत किया है। ट्रस्ट के लिए यह बेहद हर्ष का विषय है कि अजीत डोभाल ने इस सम्मान को स्वीकार कर लिया है।
गृह मंत्री अमित शाह होंगे मुख्य अतिथि
यह भव्य और प्रतिष्ठित पुरस्कार समारोह आगामी 1 अगस्त को पुणे में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उनके साथ ही मंच पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद रहेंगे। इस खास मौके पर देश के राजनीतिक, सामाजिक और सुरक्षा क्षेत्र से जुड़ी कई नामचीन हस्तियों के जुटने की उम्मीद है।
Also Read: UP STF ने 50 हजार के इनामी जालसाज दीपक राय को किया गिरफ्तार

