PM आवास के बाहर पहली बार धरने पर बैठे राहुल गांधी, प्रियंका और खरगे भी हुए शामिल
Rahul Gandhi: राजधानी दिल्ली में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी सोमवार को पहली बार प्रधानमंत्री आवास 7 लोक कल्याण मार्ग के बाहर धरने पर बैठ गए। राहुल गांधी के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर यह प्रदर्शन किया। पार्टी का आरोप है कि शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए।
खरगे के आवास से पैदल पहुंचे राहुल गांधी
धरना स्थल तक पहुंचने के लिए राहुल गांधी मल्लिकार्जुन खरगे के आवास से करीब 7 किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचे। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस के अन्य नेता भी मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और शिक्षा मंत्री से जिम्मेदारी लेने की मांग की।
दिल्ली में बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी
राहुल गांधी के इस प्रदर्शन को कांग्रेस की ओर से सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास के बाहर विपक्ष के बड़े नेताओं के जुटने के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई।
कांग्रेस लगातार शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मामलों को लेकर केंद्र सरकार पर हमलावर है। पार्टी नेताओं का कहना है कि छात्रों के हितों को देखते हुए सरकार को जवाब देना चाहिए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं, इस प्रदर्शन को लेकर आगे राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना है।
Also Read: सोनम वांगचुक को हाई कोर्ट से राहत, मेदांता शिफ्ट करने की मांग हुई मंजूर

