Chandauli News: ANTF और स्थानीय पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 51 लाख की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
Chandauli News: उत्तर प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) वाराणसी यूनिट और स्थानीय थाना बलुआ पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र से एक सक्रिय ड्रग तस्कर जगदीश सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 253 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 51 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त जगदीश सिंह (उम्र लगभग 58 वर्ष), निवासी टांडा सोनबरसा (थाना बलुआ, जनपद चंदौली) ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह वाराणसी से सस्ते दामों में हेरोइन खरीदकर लाता था। इसके बाद आसपास के जनपदों और गांवों में उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर महंगे दामों पर बेच देता था। इससे होने वाले मुनाफे से वह अपने शौक पूरे करता था। मंगलवार को भी वह वाराणसी से हेरोइन खरीदकर टांडाकलां क्षेत्र में बेचने की फिराक में था, तभी पुलिस टीम ने उसे धर दबोचा।
शराब की दुकान के पास से घेराबंदी कर पकड़ा
ANTF वाराणसी यूनिट के उपनिरीक्षक कुलदीप शर्मा और बलुआ थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनंत कुमार भार्गव की संयुक्त टीम ने 21 जुलाई 2026 की शाम टांडा कलां गांव में अंग्रेजी शराब की दुकान के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से हेरोइन के अलावा 1,100 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। आरोपी के खिलाफ थाना बलुआ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त जगदीश सिंह के खिलाफ पहले से भी मादक पदार्थों की तस्करी के दो मुकदमे दर्ज हैं।

