CSAB Counselling 2026: NIT-IIIT में BTech सीट पाने का मौका, 28 जुलाई से रजिस्ट्रेशन शुरू
CSAB Counselling 2026: JoSAA काउंसलिंग के सभी राउंड पूरे होने के बाद खाली बची बीटेक सीटों को अब CSAB (Central Seat Allocation Board) काउंसलिंग के जरिए भरा जाएगा। इसमें JEE Main 2026 के स्कोर के आधार पर छात्रों को सीट आवंटित की जाएगी। CSAB 2026-27 स्पेशल राउंड के लिए रजिस्ट्रेशन 28 जुलाई 2026 से शुरू होंगे।
इस काउंसलिंग के जरिए 31 NIT, 26 IIIT, IIEST, 3 SPA और 50 से ज्यादा GFTI इंजीनियरिंग संस्थानों में खाली सीटों पर दाखिला दिया जाएगा। इस बार CSAB में दो स्पेशल राउंड आयोजित किए जाएंगे। छात्रों को 6 अगस्त को पता चलेगा कि किस कॉलेज में कौन सी सीट उपलब्ध है।
किन छात्रों के लिए है बड़ा मौका
CSAB उन छात्रों के लिए अच्छा अवसर है जिन्हें JoSAA काउंसलिंग में मनपसंद कॉलेज या ब्रांच नहीं मिल पाई। जिन अभ्यर्थियों की रैंक थोड़ी कम रह गई थी, उनके लिए यहां बेहतर सीट मिलने की संभावना रहती है। पिछले वर्षों के आंकड़ों के अनुसार CSAB में करीब 13 हजार से 14 हजार सीटें खाली रह जाती हैं। इनमें NIT की लगभग 4-5 हजार, IIIT की करीब 3 हजार और GFTI की लगभग 6 हजार सीटें शामिल होती हैं।
रजिस्ट्रेशन, फीस और जरूरी तारीखें
CSAB काउंसलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग 28 जुलाई से 5 अगस्त तक होगी। मॉक रिजल्ट 31 जुलाई को आएगा, जबकि राउंड-1 का सीट अलॉटमेंट रिजल्ट 6 अगस्त को जारी होगा। राउंड-1 के बाद 10 अगस्त तक ऑनलाइन रिपोर्टिंग, डॉक्यूमेंट अपलोड और विलिंगनेस भरनी होगी। राउंड-2 का रिजल्ट 12 अगस्त को जारी होगा और 14 अगस्त तक फीस जमा करनी होगी। कॉलेज में फिजिकल रिपोर्टिंग 13 से 18 अगस्त के बीच होगी।
CSAB के लिए अलग से रजिस्ट्रेशन करना जरूरी होगा। JoSAA का रजिस्ट्रेशन अपने आप मान्य नहीं होगा। सामान्य वर्ग के लिए SREF फीस करीब 40 हजार रुपये और आरक्षित वर्ग के लिए करीब 19 हजार रुपये होगी। इसमें 5 हजार रुपये नॉन-रिफंडेबल प्रोसेसिंग फीस शामिल है।

