Siddharthnagar News: सार्वजनिक वाहनों पर पशुओं पर दया करो स्लोगन लिखना अनिवार्य, टैक्सी संघ ने उठाए सवाल

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के बस्ती मंडल (बस्ती, सिद्धार्थनगर और संत कबीर नगर) में सार्वजनिक वाहनों को लेकर परिवहन विभाग ने एक नया और कड़ा निर्देश जारी किया है। बस्ती संभाग के संभागीय परिवहन अधिकारी (RTO) फरीदउद्दीन ने तीनों जनपदों के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारियों (ARTO) को पत्र जारी कर निर्देश दिया है कि क्षेत्र के सभी सार्वजनिक वाहनों पर पशुओं पर दया करो (BE KIND TO ANIMALS) स्लोगन अनिवार्य रूप से अंकित कराया जाए।

फिटनेस के समय होगी जांच

यह आदेश एक आईजीआरएस (IGRS) शिकायत (संख्या 40018526032949) के निस्तारण के तहत जारी किया गया है। संभागीय परिवहन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि परिवहन आयुक्त तथा अपर परिवहन आयुक्त (राजस्व) द्वारा पूर्व में भी इस बाबत निर्देश दिए गए थे, लेकिन किसी भी जिले से शत-प्रतिशत पालन की रिपोर्ट नहीं मिली थी। अब फिटनेस प्रमाणपत्र जारी करते समय अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि वाहन पर यह स्लोगन स्पष्ट रूप से लिखा हो। इस नियम का पालन न करने वाले वाहनों को फिटनेस सर्टिफिकेट जारी नहीं किया जाएगा।

सार्वजनिक वाहनों पर पशुओं पर दया करो स्लोगन लिखना अनिवार्य

पशुओं नहीं जीवों पर दया करो होना चाहिए

परिवहन विभाग के इस फरमान पर टैक्सी चालक संघ सिद्धार्थनगर ने आपत्ति जताई है। संघ के अध्यक्ष गुड्डू शुक्ला ने कहा कि विभाग द्वारा शब्दों का चयन गलत किया गया है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, केवल पशुओं पर दया करो लिखने का सीधा अर्थ निकलता है कि केवल पशुओं के प्रति दया भाव रखें, अन्य जीवों या मानवों पर नहीं। सही और व्यापक शब्द ‘जीवों पर दया करो’ होना चाहिए था। शब्दों के इस चयन को लेकर स्कूल वाहन स्वामियों, टैक्सी चालकों और वाहन मालिकों के बीच भारी असमंजस और ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: महेंद्र सिंह धोनी का नया बिजनेस, रूफटॉप सोलर स्टार्टअप SolarSquare में किया बड़ा निवेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.