फेसबुक पर डिलीट हुआ पीएम मोदी का नीट परीक्षा से जुड़ा वीडियो, बवाल के बाद मेटा ने मांगी माफी

Sandesh Wahak Digital Desk: NEET पेपर लीक मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा युवाओं को दिए गए एक विशेष सेल्फी वीडियो संदेश ने सोशल मीडिया के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए थे। हालांकि, इस चर्चित वीडियो को टेक कंपनी मेटा ने फेसबुक से अचानक हटा दिया। जैसे ही यह खबर लोगों तक पहुंची, इंटरनेट पर घमासान मच गया। सोशल मीडिया पर बढ़ते आक्रोश को देखते हुए अब मेटा ने आधिकारिक बयान जारी कर अपनी गलती मानी है और खेद जताया है।

गलती स्वीकारते हुए मेटा ने किया वीडियो रीस्टोर

फेसबुक से पीएम मोदी का वीडियो ब्लॉक होने के विवाद पर मेटा के प्रवक्ता ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि यह वीडियो तकनीकी गड़बड़ी के कारण गलती से हट गया था, जिसे अब वापस रीस्टोर (बहाल) कर दिया गया है। दूसरी ओर, सरकारी सूत्रों के अनुसार केंद्र सरकार ने इस लापरवाही को बेहद संजीदगी से लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और मेटा के शीर्ष अधिकारियों से इस चूक पर जवाब तलब किया गया है।

24 घंटे में बना था वर्ल्ड रिकॉर्ड

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने 24 जुलाई की देर रात देश के छात्रों के नाम एक खास वीडियो मैसेज साझा किया था। इंस्टाग्राम पर इस वीडियो ने महज 24 घंटे के भीतर रिकॉर्ड-ब्रेकिंग व्यूज हासिल किए थे। वीडियो में पीएम ने नीट छात्रों को आश्वस्त करते हुए कहा था कि पेपर लीक कोई छोटी घटना नहीं है और यह लाखों परिवारों के लिए बेहद कष्टदायक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है और सरकार की प्राथमिकता छात्रों का एक साल खराब होने से बचाना थी। यही वजह रही कि बहुत कम समय में 22 लाख विद्यार्थियों की दोबारा परीक्षा कराकर 19 तारीख को परिणाम भी घोषित कर दिए गए। पीएम ने यह भी रेखांकित किया कि सरकार इतने पर ही शांत नहीं बैठेगी, संसद में नया एंटी-पेपर लीक कानून लाया गया है जिसमें अपराधियों के लिए कठोर सजा और मामलों के त्वरित निपटारे हेतु फास्ट-ट्रैक कोर्ट का प्रावधान किया गया है।

Also Read: Commonwealth Games 2026: भारतीय सेना के नायब सूबेदार सर्वेश कुशारे ने रचा इतिहास, हाई जंप में जीता सिल्वर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.