राम मंदिर CEO के लिए 11-12 अगस्त को होगा इंटरव्यू, 5200 आवेदनों की स्क्रीनिंग पूरी
Ram Mandir CEO: अयोध्या में राम मंदिर की व्यवस्थाओं को और मजबूत करने के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले के बाद व्यवस्था में बदलाव किए जा रहे हैं। CEO के चयन के लिए सेवानिवृत्त जस्टिस प्रमोद कोहली की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई थी।
कमेटी को CEO पद के लिए करीब 5200 आवेदन मिले थे। इन सभी आवेदनों की स्क्रीनिंग पूरी हो चुकी है। अब चयनित आवेदकों का इंटरव्यू 11 और 12 अगस्त को अयोध्या में राम मंदिर परिसर स्थित पीएफसी में होगा। इसकी जानकारी संबंधित आवेदकों को भेज दी गई है।
तीन नामों का पैनल ट्रस्ट को सौंपेगी कमेटी
राम मंदिर ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने इंटरव्यू की प्रक्रिया की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि साक्षात्कार के बाद कमेटी तीन नामों का पैनल तैयार कर ट्रस्ट को देगी। इस पैनल को 2 सितंबर को प्रस्तावित ट्रस्ट की बैठक में रखा जाएगा। ट्रस्टियों की मंजूरी के बाद एक नाम पर अंतिम मुहर लगेगी और उसे CEO घोषित किया जाएगा।
2020 से रिकॉर्ड खंगाल रही SIT
चढ़ावा चोरी मामले की जांच भी आगे बढ़ रही है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद IG किरन एस की अगुवाई वाली SIT ने जांच का दायरा बढ़ाया है। अब ट्रस्ट गठन के समय यानी 2020-21 से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस पुराने और मौजूदा कर्मचारियों को बुलाकर दोबारा बयान दर्ज कर रही है। 2020-21 से 2023-24 तक के वित्तीय रिकॉर्ड और ट्रस्ट के चालू, बचत व सावधि जमा खातों की भी जांच हो रही है। जांच की प्रगति रिपोर्ट रोजाना SIT अधिकारियों को भेजी जा रही है। IG किरन एस, DIG सोमेन वर्मा और SSP डॉ. गौरव ग्रोवर समेत अधिकारी रोजाना इसकी समीक्षा कर रहे हैं।

